थार नहीं दिलाई तो पत्नी को सड़क पर घसीटकर पीटा, लुधियाना में पति पर मारपीट का आरोप; CCTV में कैद हुई घटना
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में गाड़ी और बाइक की मांग को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि जस्सिया ग्रीन एन्क्लेव में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को सड़क पर बाल पकड़कर घसीटा और थप्पड़ व लातें मारकर उसकी पिटाई की। महिला का आरोप है कि उसका पति पहले उससे थार गाड़ी दिलाने की मांग करता था और बाद में बाइक को लेकर झगड़ा करने लगा।
पीड़िता ट्विंकल समराला चौक पर अपना सैलून चलाती है। आरोप है कि उसका पति उसकी कमाई का हवाला देकर उससे गाड़ी खरीदकर देने के लिए दबाव बनाता था। घटना के दौरान महिला खुद को बचाने के लिए पड़ोसियों के घर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पति वहां भी आ गया और उसके साथ मारपीट की।
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। पीड़िता ने जगतपुरी चौकी पुलिस को शिकायत देकर फुटेज भी सौंपा है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
CCTV में थप्पड़ मारकर सड़क पर गिराते दिखा आरोपी
सामने आए CCTV फुटेज के मुताबिक, आरोपी पहले अपनी पत्नी को थप्पड़ मारता दिखाई देता है। इसके बाद वह उसके बाल पकड़कर उसे सड़क पर गिरा देता है।
आरोप है कि महिला के सड़क पर गिरने के बाद भी वह नहीं रुका और उसे लातों से पीटता रहा। महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रही। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और बीच-बचाव कर उसे बचाया।
पति मेडिकल लाइन में, पत्नी चलाती है सैलून
मामले में आरोपी की पहचान रितीश शर्मा (29) के रूप में हुई है, जो जस्सिया ग्रीन एन्क्लेव का निवासी है। उसकी पत्नी ट्विंकल (28) समराला चौक पर अपना सैलून चलाती है, जबकि रितीश मेडिकल लाइन में काम करता है।
जानकारी के मुताबिक, ट्विंकल का पहले पति से करीब दो साल पहले तलाक हुआ था। उसका सात साल का एक बेटा भी है।
तलाक के केस के दौरान हुई थी दोनों की मुलाकात
बताया गया है कि ट्विंकल और रितीश की मुलाकात उसके पहले पति से जुड़े तलाक के मामले के दौरान हुई थी। उस समय रितीश, ट्विंकल के दोस्तों के साथ आया था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और नवंबर 2025 में उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों जस्सिया ग्रीन एन्क्लेव में रहने लगे।
शादी के कुछ महीने बाद थार की मांग करने का आरोप
ट्विंकल के आरोपों के मुताबिक, शादी के करीब तीन महीने बाद ही रितीश ने उससे थार गाड़ी की मांग शुरू कर दी। महिला का कहना है कि वह अपने सैलून से अच्छी कमाई करती है और इसी बात को लेकर उसका पति ताना देता था कि जब वह इतना कमाती है, तो उसे थार गाड़ी क्यों नहीं दिला सकती।
आरोप है कि गाड़ी की मांग को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। मामला बढ़ने पर एक बिचौलिए की मदद से दोनों के बीच समझौता भी करवाया गया। कुछ समय तक स्थिति शांत रही, लेकिन बाद में पति ने कथित तौर पर थार की जगह बाइक की मांग शुरू कर दी।
बाइक की मांग को लेकर फिर बढ़ा विवाद
पीड़िता के अनुसार, घटना वाले दिन बाइक की मांग को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। खुद को बचाने के लिए ट्विंकल पड़ोसियों के घर चली गई, लेकिन आरोप है कि रितीश वहां भी पहुंच गया।
इसके बाद सड़क पर ही उसके साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी बाहर आए और बीच-बचाव किया। बाद में उन्होंने ट्विंकल के परिजनों को भी सूचना दी।
पुलिस ने शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर शुरू की जांच
घटना के बाद ट्विंकल ने जगतपुरी चौकी में शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस को CCTV फुटेज सौंपा। एएसआई सुखजिंदर सिंह के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
