अमृतसर में एक्टिवा हटाने के विवाद में युवक की हत्या, तीन भाइयों पर केस दर्ज

अमृतसर में घर के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, एक्टिवा हटाने को लेकर हुआ था विवाद; 3 भाइयों पर केस

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में एक्टिवा हटाने को लेकर हुए विवाद में 27 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शुक्रवार देर रात युवक के घर के बाहर हुई। परिजनों के मुताबिक, उन्हें घर के अंदर पटाखे चलने जैसी आवाज सुनाई दी। जब वे बाहर पहुंचे तो अमित गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा था। परिवार उसे अस्पताल ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गली में खड़ी एक्टिवा को हटाने की बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान अभि शाह ने देसी पिस्टल से कई गोलियां चलाईं, जिनमें अमित को गोली लगी। मामले में तीन सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

घर के बाहर खड़ी एक्टिवा हटाने को लेकर हुआ विवाद

मृतक अमित के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर रात अमित ने अपनी एक्टिवा घर के बाहर गली में खड़ी की हुई थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले कुछ युवक वहां पहुंचे और रास्ते से एक्टिवा हटाने को कहा, ताकि वे अपना वाहन निकाल सकें।

परिजनों के मुताबिक, अमित ने एक्टिवा हटाने की बात कही और उसे साइड करने के लिए बाहर चला गया। इसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। कुछ देर बाद घर के अंदर पटाखे फूटने जैसी आवाज सुनाई दी।

बाहर पहुंचे तो गोलियां लगने से घायल पड़ा था अमित

परिवार के सदस्य आवाज सुनकर तुरंत बाहर आए। वहां अमित गोली लगने के बाद गंभीर हालत में तड़प रहा था। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

परिवार का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आया कि मामूली विवाद के बाद गोलियां क्यों चलाई गईं। मृतक और आरोपी एक ही मोहल्ले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पार्टी से लौटने के बाद घर के बाहर खड़ा था युवक

थाना गेट हकीमा के एसएचओ बलजिंदर सिंह के मुताबिक, रात करीब 3:15 बजे सुनील कुमार सभरवाल ने पुलिस को सूचना दी कि उनके बेटे अमित सभरवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, अमित अपने दोस्तों के साथ पार्टी से लौटने के बाद घर के बाहर खड़ा था। उसके पिता भी उस समय वहीं मौजूद थे। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले अभि शाह, सन्नी शाह और रितिक शाह वहां पहुंचे।

बहस के बाद देसी पिस्टल से फायरिंग का आरोप

पुलिस को दिए गए बयान के मुताबिक, एक्टिवा को रास्ते से हटाने की बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। आरोप है कि इसके बाद अभि शाह ने देसी पिस्टल से 5 से 6 गोलियां चलाईं।

रिपोर्ट के अनुसार, अमित के सिर और पेट में चार गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले में फायरिंग की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

तीन सगे भाइयों के खिलाफ केस, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसएचओ बलजिंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर अभि शाह, सन्नी शाह और रितिक शाह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है, ताकि वारदात से जुड़े तथ्यों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *