CM भगवंत मान की पाकिस्तान जाने की इच्छा पर पाकिस्तानी मंत्री खुश, बोले- दिल से स्वागत है

पाकिस्तान के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने पंजाब CM और पूरी विधानसभा को दिया निमंत्रण; लाहौर में अंतरराष्ट्रीय पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने की इच्छा जता चुके हैं मान

पाकिस्तान की ओर से CM मान को औपचारिक निमंत्रण

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पाकिस्तान जाने की इच्छा पर वहां के एक मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तान के प्रांतीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (PSGPC) के अध्यक्ष रमेश सिंह अरोड़ा ने मुख्यमंत्री मान और पंजाब विधानसभा के सभी सदस्यों को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया है।

हाल ही में पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान भगवंत मान ने लाहौर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने की इच्छा जताई थी। इसके बाद पाकिस्तानी मंत्री ने वीडियो संदेश जारी कर उनका स्वागत करने की बात कही।

अरोड़ा बोले- आकर देखिए पाकिस्तान कितना खूबसूरत है

रमेश सिंह अरोड़ा ने अपने संदेश में कहा कि वह भगवंत सिंह मान और पंजाब विधानसभा के सदस्यों का पाकिस्तान में दिल से स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आपसी भाईचारे के संबंध मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अरोड़ा ने पाकिस्तान को विभिन्न धर्मों और समुदायों का साझा गुलदस्ता बताते हुए कहा कि यहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोग रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान में सभी धर्मों के लोगों को समान अधिकार प्राप्त हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री मान को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि भारत सरकार उन्हें पाकिस्तान आने की अनुमति देगी या नहीं, लेकिन उनकी ओर से मुख्यमंत्री और पूरी पंजाब विधानसभा को आने का निमंत्रण है।

करतारपुर साहिब के साथ दूसरे ऐतिहासिक स्थलों पर भी आने का न्योता

पाकिस्तानी मंत्री ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के साथ अपने अच्छे संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संधवां भी पाकिस्तान आने के इच्छुक रहे हैं।

अरोड़ा ने भारतीय विधायकों से आग्रह किया कि वे पाकिस्तान पहुंचकर केवल गुरुद्वारा दरबार साहिब, करतारपुर तक ही सीमित न रहें, बल्कि वहां मौजूद अन्य धर्मों के ऐतिहासिक स्थलों का भी दौरा करें।

लाहौर में 27 से 29 नवंबर तक होना है पंजाबी सम्मेलन

भगवंत मान को 27 से 29 नवंबर तक लाहौर में होने वाले चौथे अंतरराष्ट्रीय पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। यह निमंत्रण प्रसिद्ध पंजाबी कवि बाबा बशीर हुसैन नजमी, जिन्हें बाबा नजमी के नाम से जाना जाता है, और पंजाबी प्रचार संगठन की ओर से भेजा गया था।

23 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने इस निमंत्रण का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि जब उन्हें फ्रांस या जापान जाने की अनुमति मिलने में परेशानी होती है, तो पाकिस्तान जाने की मंजूरी मिलना भी मुश्किल हो सकता है।

करतारपुर कॉरिडोर के रास्ते पूरी विधानसभा के दौरे का सुझाव

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह सुझाव भी दिया था कि यदि केंद्र सरकार से जरूरी राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी मंजूरी मिल जाती है, तो पंजाब विधानसभा के सदस्य एक साथ करतारपुर कॉरिडोर के रास्ते पाकिस्तान जा सकते हैं और वहां स्थित पवित्र गुरुद्वारों के दर्शन कर सकते हैं।

हालांकि, पाकिस्तान यात्रा को लेकर अंतिम फैसला संबंधित सरकारी मंजूरियों पर निर्भर करेगा।

फ्रांस यात्रा को लेकर भी हुआ था विवाद

इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान की फ्रांस यात्रा को लेकर भी विवाद सामने आया था। रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र से अनुमति नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने हाई कोर्ट का रुख किया था। अनुमति मिलने के बाद वह फ्रांस गए थे।

वापसी के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच के लिए रोके जाने के मामले को लेकर मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी ने विरोध जताया था। अब पाकिस्तान यात्रा को लेकर आए निमंत्रण के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक और कूटनीतिक मंजूरियों को लेकर चर्चा तेज हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *