मानसा में झोटा इंसाफ कमेटी की सरकार के साथ चौथी बैठक, मंत्रियों से मुलाकात की मांग
मानसा में परविंदर सिंह झोटा इंसाफ कमेटी और पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल के बीच चौथे दौर की बैठक हुई। जिला परिषद के मीटिंग हॉल में आयोजित इस बैठक में कमेटी के सदस्यों ने स्वास्थ्य मंत्री, कृषि मंत्री और पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के साथ बातचीत कराने की मांग रखी। बैठक में परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं, सरकार की ओर से अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए पहुंचा।
बैठक के बाद एडीजीपी गौतम चीमा ने मीडिया को बताया कि कमेटी की 12 मांगें पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बातचीत शांतिपूर्ण माहौल में हुई और कमेटी की ओर से मंत्रियों के साथ बैठक कराने की मांग रखी गई है।
एडीजीपी के मुताबिक, कमेटी की इस मांग के संबंध में सरकार को रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि मामले का जल्द समाधान निकाला जा सके और धरना समाप्त कराने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुलाने की मांग
इंसाफ कमेटी के सदस्य राजविंदर सिंह राणा ने बताया कि सरकार के अधिकारियों के साथ विस्तार से बातचीत हुई और कई मांगें उनके सामने रखी गईं। कमेटी ने सरकार से तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भेजने की मांग की है।
इस प्रतिनिधिमंडल में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को शामिल करने की मांग की गई है।
धरना समाप्त कराने के लिए समाधान की कोशिश
कमेटी चाहती है कि उसकी मांगों पर संबंधित मंत्रियों और सरकार के प्रतिनिधियों के साथ सीधी बातचीत हो। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने इन मांगों को सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिया है। अब सरकार की ओर से अगली बैठक को लेकर लिए जाने वाले फैसले पर सबकी नजर रहेगी।

