बठिंडा में नशे के अड्डे पर चला पीला पंजा, गांव नसीबपुरा में इमारत ढहाई; संदिग्ध ठिकानों की बन रही सूची
बठिंडा: पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत बठिंडा पुलिस और सिविल प्रशासन ने रविवार को गांव नसीबपुरा में बड़ी कार्रवाई की। यहां एक वीरान पड़ी इमारत को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस इमारत का इस्तेमाल कुछ लोग नशे के सेवन के अड्डे के रूप में कर रहे थे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले के गांवों और कस्बों में ऐसे संदिग्ध ठिकानों की पहचान की जा रही है। नशे से जुड़ी गतिविधियों को रोकने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
DSP तलवंडी साबो जसजोत सिंह ने बताया कि पुलिस को गांव नसीबपुरा के बीच स्थित एक इमारत में नशा करने वालों के इकट्ठा होने की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। ग्रामीणों की शिकायतों और मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच करवाई।
जांच में इमारत के इस्तेमाल को लेकर मिली जानकारी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सिविल प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय किया। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर इमारत को ध्वस्त कर दिया गया।
नशा तस्करों के साथ जगह उपलब्ध कराने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी
कार्रवाई के दौरान DSP जसजोत सिंह ने कहा कि नशा समाज के सामने गंभीर चुनौती है और इसके खिलाफ पुलिस सख्त कदम उठा रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस केवल नशे की सप्लाई करने वाले तस्करों पर ही कार्रवाई नहीं करेगी, बल्कि नशे के सेवन या बिक्री के लिए अपनी जगह अथवा इमारत उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सूनसान इलाकों और संदिग्ध इमारतों की बन रही सूची
पुलिस प्रशासन अब गांवों और कस्बों में मौजूद सूनसान स्थानों, खाली इमारतों और अन्य संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर रहा है। इनकी सूची तैयार की जा रही है, ताकि नशे से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
प्रशासन का कहना है कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नशे से जुड़े ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

