अमृतसर में लंदन की मॉडल का डेढ़ लाख रुपये का आईफोन छीना, वाघा बॉर्डर से ऑटो में लौटते समय हुई वारदात
पंजाब के अमृतसर में वाघा बॉर्डर घूमकर लौट रही लंदन की मॉडल लाली के साथ छीनाझपटी की घटना सामने आई है। रामतलाई चौक के पास बाइक सवार एक युवक ऑटो के नजदीक आया और उसके हाथ में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये का आईफोन छीनकर फरार हो गया। मॉडल ने इस घटना का वीडियो जारी कर पूरी जानकारी साझा की है।
लाली पंजाबी गाने में मॉडलिंग भी कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल छीने जाने के बाद अमृतसर के स्थानीय लोगों ने उनकी काफी मदद की। फिलहाल उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है।
31 अक्टूबर को वाघा बॉर्डर से लौटते समय हुई वारदात
लाली के मुताबिक, वह 31 अक्टूबर को अपने दोस्तों और अन्य पर्यटकों के साथ वाघा बॉर्डर घूमने गई थीं। शाम करीब 7 बजे सभी ऑटो से वापस लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने लस्सी पी और ऑटो चालक विक्की के साथ गाने सुनते हुए हंसी-मजाक भी किया।
लाली ऑटो की अगली सीट पर बैठी थीं और उनका आईफोन 17 प्रो मैक्स गोद में रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि वह फोन को मजबूती से पकड़े हुए थीं। इसी दौरान रामतलाई चौक के पास एक मोटरसाइकिल सवार अचानक ऑटो के करीब आया और झपट्टा मारकर मोबाइल छीन ले गया।
बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर आया था आरोपी
मॉडल ने दावा किया कि जिस बाइक पर आरोपी आया था, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। मोबाइल के कवर में एक मोर पंख भी रखा हुआ था, जो उन्हें भारत में मिले एक अजनबी ने उपहार के रूप में दिया था।
फोन खोने से उन्हें काफी दुख हुआ, क्योंकि उसमें उनकी यात्रा से जुड़ी कई यादें और तस्वीरें थीं।
ऑटो चालक और होटल मालिक ने की मदद
लाली ने बताया कि घटना के बाद अमृतसर के लोगों ने उनकी काफी सहायता की। ऑटो चालक विक्की ने उन्हें अपना अतिरिक्त मोबाइल इस्तेमाल करने के लिए दिया।
वहीं, होटल मालिक विकास ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय कॉल के जरिए अपने माता-पिता से बात करने की सुविधा उपलब्ध कराई। लाली ने पुलिस स्टेशन जाने के दौरान भी स्थानीय लोगों से मिली मदद का जिक्र किया।
दोस्त ने नया फोन खरीदने के लिए दिए पैसे
लाली के दोस्त नदीम ने उन्हें नया फोन खरीदने के लिए पैसे दिए। इसके अलावा दिवाली मनाने के लिए पुणे जाने की फ्लाइट टिकट भी बुक करवाई।
मॉडल ने कहा कि मोबाइल छिनने की घटना के बावजूद भारत, पंजाब और अमृतसर के प्रति उनका प्यार कम नहीं हुआ है।
बोलीं- भारत की यह मेरी नौवीं यात्रा थी
लाली ने बताया कि यह भारत की उनकी नौवीं यात्रा थी। वह अपनी यात्राओं से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम खाते ‘londonki_lali’ पर साझा करती रहती हैं।
उन्होंने पर्यटकों को सलाह दी कि अमृतसर या किसी अन्य जगह घूमने के दौरान अपने मोबाइल और दूसरे कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।

