जालंधर कैंट से टिकट मिलने पर दीपक बाली के घर जश्न, ढोल की थाप पर झूमे AAP समर्थक
जालंधर: आम आदमी पार्टी की ओर से जालंधर कैंट विधानसभा सीट से दीपक बाली को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद उनके घर पर जश्न का माहौल देखने को मिला। पार्टी के डिप्टी मेयर सहित कई नेता और समर्थक बाली के घर पहुंचे। इस दौरान समर्थकों ने ढोल की थाप पर नाचकर टिकट मिलने की खुशी मनाई।
दीपक बाली ने टिकट देने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और दावा किया कि इस बार जालंधर कैंट के राजनीतिक समीकरण बदलेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
कांग्रेस के गढ़ में मुकाबला बदलने का दावा
मीडिया से बातचीत में बाली ने कहा कि जालंधर कैंट को कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी यहां अपनी स्थिति मजबूत करेगी। उन्होंने दावा किया कि वह भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार के विकास कार्यों और अरविंद केजरीवाल की शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़ी नीतियों को जनता के सामने रखा जाएगा। बाली के मुताबिक, आम आदमी पार्टी धर्म और जाति के बजाय विकास, काम और जनसेवा की राजनीति करती है।
पार्टी में नाराजगी की बात को किया खारिज
टिकट के ऐलान के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी की चर्चाओं पर दीपक बाली ने कहा कि संगठन में किसी तरह का विरोध नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुट जाएंगे।
परगट सिंह से मुकाबले पर बोले- यह हॉट सीट नहीं
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परगट सिंह के साथ संभावित मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल पर बाली ने शायराना अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उनके लिए जालंधर कैंट कोई हॉट सीट नहीं है। उनका दावा है कि मान सरकार के काम और नीतियों के आधार पर आम आदमी पार्टी पंजाब की सभी सीटों पर एकतरफा जीत हासिल करेगी।
हर घर में खुशहाली लाना मुख्य लक्ष्य
दीपक बाली ने कहा कि उनका उद्देश्य हर परिवार तक खुशहाली पहुंचाना है। इसके लिए बच्चों को बेहतर शिक्षा, लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
मंत्री पद की दावेदारी के सवाल पर उन्होंने खुद को पार्टी का वफादार सिपाही बताया और कहा कि उनकी प्राथमिकता पार्टी की जिम्मेदारी निभाना और जनता की सेवा करना है।

