अमृतसर में पुलिस के 10 नए आदेश लागू: किराएदारों और नौकरों का सत्यापन जरूरी, जेल के पास ड्रोन उड़ाने पर रोक
अमृतसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने 10 नए आदेश जारी किए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत ये आदेश डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस रविंदर पाल सिंह की ओर से जारी किए गए हैं।
इन निर्देशों में मकान मालिकों के लिए किराएदारों की जानकारी पुलिस को देना, पीजी का रजिस्ट्रेशन करवाना और घरेलू नौकरों का सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय जेल के आसपास ड्रोन उड़ाने, सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियारों का प्रदर्शन करने और रात के समय तेज आवाज में डीजे बजाने पर भी पाबंदी लगाई गई है।
पुलिस के 10 नए आदेश, जानिए क्या-क्या बदला
1. किराएदारों की जानकारी पुलिस को देना जरूरी
मकान मालिकों को अपनी संपत्ति किराए पर देने से पहले किराएदार का पूरा पता और अन्य जरूरी जानकारी एकत्र करनी होगी। यह जानकारी संबंधित पुलिस थाने में जमा करवानी होगी, ताकि पुलिस किराएदार का सत्यापन कर सके।
2. पीजी का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
पीजी संचालकों को सराय अधिनियम-1867 के तहत अपने पीजी का रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। साथ ही वहां रहने वाले लड़के-लड़कियों और अन्य लोगों का पूरा रिकॉर्ड रखना जरूरी होगा।
3. मोटरसाइकिल के साइलेंसर में बदलाव पर रोक
मोटरसाइकिल के साइलेंसर में तकनीकी बदलाव करके तेज आवाज निकालने या पटाखे जैसी आवाज पैदा करने पर पाबंदी लगाई गई है। इसका उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना है।
4. वल्ला स्थित असलहा भंडार के आसपास निर्माण पर रोक
वल्ला स्थित असलहा भंडार के आसपास 1,000 वर्ग गज के क्षेत्र में ज्वलनशील पदार्थों के इस्तेमाल और अनधिकृत निर्माण पर रोक लगाई गई है।
5. केंद्रीय जेल के पास ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी
सुरक्षा कारणों से केंद्रीय जेल अमृतसर के 500 मीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
6. होटल और गेस्ट हाउस में पहचान पत्र जरूरी
होटल, सराय, धर्मशाला और गेस्ट हाउस संचालकों को वहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र लेना होगा। इसके साथ ही नाम, पता और अन्य जरूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज करनी होगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी होगी।
7. सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियारों का प्रदर्शन प्रतिबंधित
सार्वजनिक समारोहों, विवाह पार्टियों और अन्य कार्यक्रमों में हथियार ले जाने और उनका प्रदर्शन करने पर रोक लगाई गई है। हथियारों और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गीतों पर भी पाबंदी रहेगी। इसके अलावा किसी समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाले भाषण देने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
8. रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर पर रोक
रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
9. घरेलू नौकरों का पुलिस सत्यापन जरूरी
घरों में काम करने के लिए किसी व्यक्ति को रखने से पहले उसके पूरे पते और अन्य जरूरी जानकारी के साथ नजदीकी पुलिस थाने में सत्यापन करवाना होगा।
10. रात में तेज आवाज वाले उपकरण चलाने पर पाबंदी
रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक तेज आवाज में संगीत, लाउडस्पीकर और ध्वनि पैदा करने वाले अन्य उपकरण चलाने पर रोक रहेगी। विशेष कार्यक्रमों के लिए संबंधित विभाग से अनुमति लेना जरूरी होगा।
सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना उद्देश्य
पुलिस की ओर से जारी इन आदेशों का उद्देश्य किराएदारों, पीजी में रहने वाले लोगों और घरेलू कर्मचारियों का रिकॉर्ड उपलब्ध रखना, संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा मजबूत करना तथा सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण करना है। इन निर्देशों के जरिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश की गई है।

