केजरीवाल को धमकी देने के मामले में हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार, पंजाब पुलिस ने लिया एक दिन का रिमांड
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने और 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पंजाब पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा के रूप में हुई है। शनिवार, 14 नवंबर को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को एक दिन का रिमांड मिला।
आरोपी के भाई तिलकराज के मुताबिक, पंजाब पुलिस 12 नवंबर को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी स्थित घर से कोमल को अपने साथ ले गई थी। परिवार को उसकी गिरफ्तारी के बाद ही केजरीवाल को धमकी देने के मामले की जानकारी मिली।
कोमल मूल रूप से रोहतक के समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला है। वह पिछले कुछ वर्षों से परिवार के साथ रोहतक की अमृत कॉलोनी में रह रहा था। पहले वह रोहतक डीसी कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत था, लेकिन करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था।
आप विधायक जरनैल सिंह को आया था धमकी भरा कॉल
मामले की शुरुआत 6 नवंबर को हुई थी। दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और वॉट्सऐप मैसेज आया।
शिकायत के मुताबिक, मैसेज भेजने वाले ने 7 करोड़ रुपये की मांग करते हुए अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी थी।
जिस मोबाइल नंबर से विधायक को कॉल और मैसेज किया गया था, वह कोमल के नाम पर रजिस्टर्ड बताया गया है। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।
पहले स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करता था आरोपी
कोमल जांगड़ा ने अपने करियर की शुरुआत करनाल के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी से की थी। हालांकि, उसने वहां से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उसे रोहतक डीसी कार्यालय में क्लर्क की नौकरी मिली।
डीसी कार्यालय में सहकर्मियों के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। इस मामले में डीसी की ओर से उसे अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, उसने नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके बाद करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से टर्मिनेट कर दिया गया।
बताया गया है कि कोमल को अपना नाम पसंद नहीं था, जिसके चलते उसने अपना नाम बदलकर ‘कोबरा’ रख लिया था।
भाई का दावा- पहले तीन मामलों में हो चुका है बरी
आरोपी के भाई तिलकराज ने बताया कि कोमल के खिलाफ पहले लड़ाई-झगड़े के तीन मामले दर्ज हुए थे, लेकिन वह तीनों मामलों में बरी हो चुका है। उनके मुताबिक, फिलहाल उसके खिलाफ कोई मामला लंबित नहीं है और उसका किसी गैंग से संबंध भी नहीं है।
तिलकराज ने यह भी दावा किया कि कोमल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह अधिकतर अकेले रहना पसंद करता है और कमरे में बैठकर पढ़ाई करता रहता है। भाई के अनुसार, उसे मिर्गी के दौरे पड़ते हैं और इसके लिए दवाइयां चल रही हैं। दवा नहीं लेने पर उसे दौरे पड़ने लगते हैं।
परिवार का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद से उनकी कोमल से कोई बातचीत नहीं हुई है।
रोहतक पुलिस ने गिरफ्तारी की जानकारी से किया इनकार
रोहतक सिटी थाना के एसएचओ रमेश ने बताया कि अरविंद केजरीवाल को धमकी देने के मामले में पंजाब पुलिस द्वारा रोहतक के किसी युवक को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके पास इस संबंध में कोई सूचना नहीं आई है।
मोहाली में दर्ज हुई थी FIR
इस मामले में मोहाली के साइबर क्राइम थाने में 7 नवंबर 2026 को रात 9:16 बजे एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4) और 111(2) के साथ आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया था।
इन धाराओं में फिरौती के लिए मौत या गंभीर चोट का भय दिखाने, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध और ऑनलाइन माध्यम से धोखाधड़ी से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर धमकी और फिरौती मांगने के पूरे मामले की जांच कर रही है।

