पंजाब में वेरका ने बढ़ाए दूध के दाम, आज से ₹8 तक महंगा हुआ दूध; अमूल और मदर डेयरी भी बढ़ा चुके हैं कीमतें
लुधियाना: पंजाब में दूध खरीदने वाले ग्राहकों को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। वेरका ने दूध की विभिन्न वैरायटी के दाम बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें 13 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। लुधियाना डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड के आदेश के अनुसार, वेरका के फुल क्रीम, स्टैंडर्ड और डबल टोंड सहित विभिन्न प्रकार के दूध के पैकेट 1 से 8 रुपये तक महंगे हो गए हैं।
इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। वेरका ने इससे पहले 14 मई को दूध के दाम बढ़ाए थे। उस समय कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया था। साथ ही पशुपालकों से खरीदे जाने वाले दूध के रेट में 20 रुपये प्रति किलोग्राम फैट की बढ़ोतरी की गई थी।
दुकानों पर नई रेट लिस्ट लगाना जरूरी
वेरका प्रबंधन के मुताबिक, फिलहाल पुरानी पैकेजिंग यानी पॉलीथिन फिल्म का स्टॉक उपलब्ध है। इसलिए जब तक पुरानी पैकेजिंग खत्म नहीं होती, तब तक ग्राहकों को दूध के पैकेट पर पुराने दाम छपे हुए दिखाई दे सकते हैं।
हालांकि, ग्राहकों से भुगतान नई रेट लिस्ट के अनुसार ही लिया जाएगा। इस संबंध में सभी डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटरों को दुकानों पर नई कीमतों की सूची लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्राहकों को भुगतान के समय किसी तरह की परेशानी न हो।
वेरका की प्रमुख दूध वैरायटी के दाम बढ़े
वेरका ने फुल क्रीम दूध की कीमत में 4 रुपये, टोंड दूध में 2 रुपये, गाय के दूध में 4 रुपये और डबल टोंड दूध में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।
गाय के दूध के 500 मिलीलीटर पैकेट की कीमत 31 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये कर दी गई है। इस तरह प्रति लीटर के हिसाब से कीमत में 4 रुपये का इजाफा हुआ है। वहीं, फुल क्रीम दूध के 500 मिलीलीटर पैकेट पर 2 रुपये बढ़ाए गए हैं, जो प्रति लीटर 4 रुपये की बढ़ोतरी के बराबर है।
अमूल के मुकाबले वेरका की औसत बढ़ोतरी ज्यादा
अमूल ने भी फुल क्रीम, टोंड, गाय के दूध और डबल टोंड दूध की कीमतों में क्रमशः 4, 2, 3 और 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।
चारों वैरायटी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का औसत देखें तो वेरका ने करीब 3 रुपये प्रति लीटर और अमूल ने करीब 2.75 रुपये प्रति लीटर दाम बढ़ाए हैं। इस हिसाब से वेरका की औसत बढ़ोतरी अमूल से लगभग 25 पैसे प्रति लीटर अधिक है।
सर्दियों में दूध की मांग बढ़ने का असर
सर्दियों के मौसम में पशुओं के दूध उत्पादन में कमी आने और बाजार में मांग बढ़ने को कीमतों में बढ़ोतरी की वजह बताया जा रहा है। ऐसे में वेरका के नए रेट लागू होने से पंजाब के ग्राहकों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

