सिद्धू मूसेवाला के गाने ‘फैंटम’ पर विवाद, माता-पिता ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

सिद्धू मूसेवाला के गाने ‘फैंटम’ की रिलीज पर विवाद, माता-पिता ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी; सागा म्यूजिक ने दिखाया एग्रीमेंट

मानसा: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मौत के करीब साढ़े चार साल बाद उनके एक अप्रकाशित गाने ‘फैंटम’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिद्धू के माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर ने म्यूजिक कंपनी सागा म्यूजिक की ओर से गाना रिलीज करने की तैयारी पर आपत्ति जताई है।

परिवार का आरोप है कि कंपनी उनकी अनुमति के बिना सिद्धू का गाना रिलीज कर रही है। उन्होंने गाने की रिलीज रोकने की मांग करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। दूसरी ओर, सागा म्यूजिक का दावा है कि इस गाने को लेकर सिद्धू मूसेवाला के साथ पहले ही समझौता हो चुका था और इसके लिए उन्हें भुगतान भी किया गया था।

माता-पिता बोले- बिना अनुमति रिलीज नहीं होने देंगे गाना

सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि सागा म्यूजिक उनकी सहमति के बिना ‘फैंटम’ गाना रिलीज करने जा रही है।

परिवार के मुताबिक, उन्होंने कंपनी से गाने की रिलीज रोकने और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की थी। इसके बावजूद कंपनी ने गाना रिलीज करने की तैयारी जारी रखी।

माता-पिता ने कहा कि वे सिद्धू मूसेवाला की विरासत और उनसे जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी कदम उठा रहे हैं। उन्होंने अन्य कलाकारों और म्यूजिक कंपनियों से भी अपील की कि सिद्धू के गानों से जुड़े किसी भी दस्तावेज या अधिकार के आधार पर रिलीज अथवा घोषणा करने से पहले परिवार से संपर्क किया जाए।

सागा म्यूजिक ने सिद्धू के साथ हुआ एग्रीमेंट किया शेयर

परिवार के विरोध के बाद सागा म्यूजिक ने सोशल मीडिया पर सिद्धू मूसेवाला के साथ हुए कथित ‘कंटेंट असाइनमेंट एग्रीमेंट’ का पहला पन्ना साझा किया।

कंपनी का दावा है कि सिद्धू के साथ गाने के ऑडियो राइट्स को लेकर समझौता हुआ था और इसके लिए उन्हें भुगतान भी किया गया था। हालांकि, कंपनी ने पूरा एग्रीमेंट सार्वजनिक नहीं किया। उसका कहना है कि दस्तावेज में कुछ निजी जानकारियां और गोपनीय शर्तें शामिल हैं।

इसके अलावा कंपनी ने सिद्धू मूसेवाला के पुराने लाइव सेशन का एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें सिद्धू कहते सुनाई देते हैं कि उनका गाना ‘फैंटम’ सागा म्यूजिक पर रिलीज होने वाला है।

‘जांदी वार’ गाने की रिलीज पर भी हुआ था विवाद

सिद्धू मूसेवाला के निधन के बाद उनके गानों को रिलीज करने को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुका है। साल 2022 में म्यूजिक कंपोजर सलीम-सुलेमान ने सिद्धू मूसेवाला और गायिका अफसाना खान का गाना ‘जांदी वार’ रिलीज करने की घोषणा की थी।

इस पर सिद्धू के परिवार ने आपत्ति जताई और अदालत का रुख किया था। इसके बाद नवंबर 2022 में मानसा की अदालत ने गाने की रिलीज पर रोक लगा दी थी।

दरअसल, सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद जून 2022 में उनके परिवार ने सभी म्यूजिक कंपनियों और प्रोड्यूसर्स से अपील की थी कि उनकी रिकॉर्ड की गई या अधूरी रिकॉर्डिंग परिवार की अनुमति के बिना रिलीज न की जाए। परिवार ने यह भी कहा था कि सिद्धू की सभी रिकॉर्डिंग उनके पिता बलकौर सिंह को सौंप दी जाएं।

अब ‘फैंटम’ को लेकर सामने आया विवाद एक बार फिर सिद्धू मूसेवाला के अप्रकाशित संगीत और उससे जुड़े अधिकारों पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावे पेश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *