पंजाब में ठंड बढ़ी, 22 नवंबर तक कई जिलों में घनी धुंध का येलो अलर्ट

पंजाब में सर्दी ने दी दस्तक, अगले 4 दिन कई जिलों में घनी धुंध का येलो अलर्ट

पंजाब में ठंड का असर बढ़ने लगा है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी हवाओं ने मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान गिरा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सीजन में पहली बार नवंबर के दौरान राज्य में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है, जबकि दिन में भी हल्की सर्दी महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग ने पंजाब के लिए 19 से 22 नवंबर तक जिला-वार धुंध की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जिलों में सुबह के समय घनी धुंध पड़ने की संभावना है। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

19 नवंबर को इन जिलों में धुंध का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर घनी धुंध पड़ सकती है। इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है।

20 नवंबर को बढ़ेगा धुंध का दायरा

20 नवंबर को धुंध का असर राज्य के अन्य हिस्सों तक फैल सकता है। उत्तरी जिलों के अलावा फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा और एसएएस नगर (मोहाली) में भी कुछ स्थानों पर घनी धुंध पड़ने की संभावना जताई गई है।

21 और 22 नवंबर को भी येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 21 और 22 नवंबर को भी कई जिलों में धुंध को लेकर येलो अलर्ट जारी रहने का अनुमान जताया है। इनमें फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली शामिल हैं।

वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह

धुंध के कारण सुबह और शाम के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *