Punjab Weather Update: पंजाब में बारिश की दस्तक, आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर 3 दिन का येलो अलर्ट

पंजाब डेस्क: पंजाब में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली और राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 19 जून से 21 जून तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों के दौरान राज्य के कई क्षेत्रों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि तेज हवाओं और बिजली चमकने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।

गर्मी से मिल सकती है राहत

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। हालांकि, मौसम में अचानक बदलाव के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलने की हिदायत भी दी गई है।

बठिंडा रहा सबसे गर्म

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में लगभग 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा में 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज और बदलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *