फरीदकोट में स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने 2 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का किया उद्घाटन, ग्रामीणों को गांव में मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
पंजाब में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने फरीदकोट के ब्लॉक कोटकपूरा के दो गांवों में नवनिर्मित आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का उद्घाटन किया। ये सेंटर गांव वाड़ा दराका और वांदर जटाणा में शुरू किए गए हैं।
इस मौके पर संधवां ने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को घर के नजदीक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं, प्राथमिक जांच, इलाज और जरूरत के अनुसार दवाइयां मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएंगी।
छोटी बीमारियों के इलाज के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा
स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि इन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के शुरू होने से ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं और इलाज से वंचित न रहे। आर्थिक परेशानी के कारण किसी नागरिक को उपचार से समझौता न करना पड़े, इसके लिए गांवों में ही जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है।
ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता
संधवां ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गांवों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के जरिए लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, उपचार और जरूरी दवाइयां मुफ्त मिल सकेंगी।
ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बचेंगे
विधानसभा स्पीकर ने कहा कि पहले छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी ग्रामीणों को शहर जाना पड़ता था। अब गांवों में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से लोगों का समय और पैसा दोनों बचेंगे।
उन्होंने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य हर गांव के नागरिक को उसके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है।
उद्घाटन समारोह में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर डॉ. पुखराज एमओ, मनोज गर्ग, हरजिंदर कौर एलएचवी, लखविंदर कौर सीएचओ, संगीता रानी एएनएम, सरपंच परमजीत कौर, सरपंच अंग्रेज सिंह और अमनदीप कौर सीएचओ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

