लुधियाना में बिना ISI खिलौने मिलने के मामले में अमेजन को राहत, हाईकोर्ट ने केस किया रद्द

अमेजन की जिम्मेदारी नहीं कि प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले सामान की क्वालिटी जांचे: हाईकोर्ट ने कंपनी के खिलाफ केस किया रद्द

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अमेजन और उसके ऑपरेशन मैनेजर को बड़ी राहत देते हुए उनके खिलाफ लुधियाना की अदालत में चल रही कार्यवाही रद्द कर दी है। मामला अमेजन के लुधियाना स्थित फुलफिलमेंट सेंटर से बिना ISI मार्का वाले खिलौने बरामद होने से जुड़ा था। हाईकोर्ट ने माना कि अमेजन एक ऑनलाइन मार्केटप्लेस और मध्यस्थ के रूप में काम कर रहा था, जबकि उत्पादों के गुणवत्ता मानकों का पालन करने की जिम्मेदारी संबंधित विक्रेताओं की थी।

2023 में लुधियाना के फुलफिलमेंट सेंटर पर हुई थी छापेमारी

यह मामला 11 जनवरी 2023 का है। उस दिन अधिकारियों ने लुधियाना स्थित अमेजन के फुलफिलमेंट सेंटर पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान वहां से बिना ISI मार्का वाले खिलौने बरामद किए गए थे।

इसके बाद इस मामले में लुधियाना की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMIC) अदालत में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

BIS एक्ट और गुणवत्ता नियंत्रण आदेश के उल्लंघन का आरोप

शिकायत में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) एक्ट, 2016 की धारा 17, 18 और 29 के साथ-साथ खिलौने (गुणवत्ता नियंत्रण) आदेश, 2020 के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था।

इस पर 1 अप्रैल 2023 को JMIC अदालत ने अमेजन और उसके ऑपरेशन मैनेजर को समन जारी किए थे। कंपनी ने इस आदेश को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

अमेजन ने कहा- हम केवल ऑनलाइन मार्केटप्लेस, विक्रेता की जिम्मेदारी

हाईकोर्ट में अमेजन की ओर से दलील दी गई कि कंपनी केवल एक ऑनलाइन मार्केटप्लेस के रूप में काम करती है। इसका उद्देश्य खरीदारों और तीसरे पक्ष के विक्रेताओं के बीच संपर्क उपलब्ध कराना है।

कंपनी ने आईटी एक्ट, 2000 की धारा 79 के तहत मध्यस्थ के रूप में कानूनी संरक्षण मिलने का तर्क दिया। अमेजन के मुताबिक, लुधियाना के फुलफिलमेंट सेंटर में रखे गए खिलौने भी तीसरे पक्ष के विक्रेताओं के थे। इसलिए उत्पादों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन करने की जिम्मेदारी संबंधित विक्रेताओं की बनती है।

हाईकोर्ट ने कहा- संबंधित विक्रेताओं को नहीं बनाया गया आरोपी

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पाया कि अमेजन ऑनलाइन मार्केटप्लेस के तौर पर मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। जिन विक्रेताओं के खिलौने जब्त किए गए थे, उन्हें शिकायत में आरोपी नहीं बनाया गया था।

अदालत ने माना कि गुणवत्ता नियंत्रण आदेश के तहत नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी संबंधित विक्रेता या जिम्मेदार व्यक्ति की होती है। ऐसे में अमेजन और उसके ऑपरेशन मैनेजर के खिलाफ कार्यवाही जारी रखना न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा।

अमेजन और मैनेजर के खिलाफ केस रद्द, विक्रेताओं पर कार्रवाई का विकल्प खुला

हाईकोर्ट ने अमेजन और उसके ऑपरेशन मैनेजर के खिलाफ दर्ज शिकायत, 1 अप्रैल 2023 को जारी समन आदेश और इसके बाद की सभी कार्यवाहियों को रद्द कर दिया।

हालांकि, अदालत ने शिकायतकर्ता पक्ष को यह छूट दी है कि वह नियमों का उल्लंघन करने वाले उत्पादों के संबंधित विक्रेताओं की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई कर सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *