गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर पंजाब में 4 शोभायात्राएं, 3 दिसंबर को खुरालगढ़ साहिब में समागम

गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर पंजाब में निकलेंगी 4 विशाल शोभायात्राएं, 3 दिसंबर को खुरालगढ़ साहिब में धार्मिक समागम

श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से चार विशाल शोभायात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन शोभायात्राओं के माध्यम से देश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को श्री खुरालगढ़ साहिब से जोड़ा जाएगा। इनका उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, पवित्र वाणी और समानता, प्रेम व भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

चारों शोभायात्राएं अलग-अलग मार्गों से होते हुए 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी, जहां विशाल धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे।

जम्मू से शुरू होगी एक शोभायात्रा, 1 दिसंबर को पहुंचेगी अमृतसर

अतिरिक्त उपायुक्त ग्रामीण विकास रविंदर सिंह अरोड़ा ने बताया कि एक शोभायात्रा 30 नवंबर को सुबह जम्मू से रवाना होगी। यह पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला से होते हुए 1 दिसंबर को अमृतसर पहुंचेगी।

जिला प्रशासन की ओर से संगत के सहयोग से शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।

राम तीर्थ में होगा रात्रि विश्राम

अमृतसर पहुंचने के बाद 1 दिसंबर की रात शोभायात्रा राम तीर्थ स्थित श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर विश्राम करेगी। इसके बाद 2 दिसंबर को यहां से रवाना होकर तरनतारन, कपूरथला और जालंधर के रास्ते 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।

चार अलग-अलग मार्गों से निकलेंगी शोभायात्राएं

पंजाब सरकार की ओर से आयोजित चारों शोभायात्राओं के मार्ग और कार्यक्रम इस प्रकार हैं:

  • पहली शोभायात्रा: 30 नवंबर को वाराणसी से शुरू होकर कानपुर, दिल्ली, अंबाला, मोहाली और रूपनगर से होते हुए श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।
  • दूसरी शोभायात्रा: 2 दिसंबर को फरीदकोट से रवाना होगी। यह फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, शहीद भगत सिंह नगर और गढ़शंकर से होकर गुजरेगी।
  • तीसरी शोभायात्रा: 1 दिसंबर को बठिंडा से शुरू होगी। इसका मार्ग बरनाला, मानसा, लहरागागा, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, मोरिंडा और रूपनगर से होकर गुजरेगा।
  • चौथी शोभायात्रा: जम्मू से शुरू होकर पठानकोट, गुरदासपुर, बटाला और अमृतसर सहित विभिन्न जिलों से होते हुए श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।

3 दिसंबर को धार्मिक समागम, 6 दिसंबर को अखंड पाठ का भोग

चारों शोभायात्राओं के 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचने पर विशाल धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ होगा और 6 दिसंबर को भोग डाले जाएंगे।

इन आयोजनों के माध्यम से गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और उनके समानता, प्रेम तथा आपसी भाईचारे के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *