पंजाब के 8 युवाओं ने सैन्य प्रशिक्षण का अहम पड़ाव किया पूरा, 6 NDA और 2 टेक्निकल एंट्री स्कीम से पास आउट
पंजाब के युवाओं ने भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अफसर बनने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मोहाली स्थित महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के 6 कैडेट ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA), खड़कवासला के 151वें कोर्स की पासिंग आउट परेड में प्रशिक्षण पूरा किया। इसके अलावा संस्थान के 2 कैडेट टेक्निकल एंट्री स्कीम (TES) के तहत भी पास आउट हुए। इस तरह एक ही दिन में पंजाब के कुल 8 युवाओं ने सैन्य प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया।
NDA के 151वें कोर्स की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। अब सभी कैडेट अलग-अलग सैन्य अकादमियों में आगे का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके बाद उन्हें भारतीय सेना में अफसर के तौर पर कमीशन मिलेगा।
NDA से पास आउट हुए पंजाब के 6 कैडेट
NDA में तीन साल का प्रशिक्षण पूरा करने वाले पंजाब के 6 कैडेटों में मोहाली के सिमरतपाल सिंह संधू, मोक्ष सैनी और लक्ष्य शर्मा शामिल हैं। इनके अलावा बठिंडा के अश्मित, गुरदासपुर के तेजिंदरपाल सिंह और पठानकोट के विश्वास मित्तल ने भी यह उपलब्धि हासिल की है।
इन सभी कैडेटों ने महाराजा रणजीत सिंह संस्थान में दो साल का प्रशिक्षण लेने के बाद NDA में प्रवेश लिया था। अब वे अलग-अलग सर्विस ट्रेनिंग अकादमियों में जाएंगे, जहां एक साल का अतिरिक्त प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें सैन्य अफसर के रूप में कमीशन दिया जाएगा।
टेक्निकल एंट्री स्कीम से दो कैडेट पास आउट
संस्थान के दो अन्य कैडेटों ने टेक्निकल एंट्री स्कीम के तहत अपना प्रशिक्षण पूरा किया है। इनमें सक्षम मलिक ने मिलिट्री कॉलेज ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग (MCEME), सिकंदराबाद से और महताब सिंह सिद्धू ने कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग (CME) से प्रशिक्षण प्राप्त किया।
दोनों अब इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) में आगे की ट्रेनिंग के लिए जाएंगे। यहां एक साल का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें अफसर के तौर पर कमीशन मिलेगा।
अमन अरोड़ा ने दी बधाई
कैडेटों की इस उपलब्धि पर पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की सफलता पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कैडेट अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ देश की सेवा करेंगे और सशस्त्र सेनाओं में अफसर बनकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। अमन अरोड़ा ने संस्थान के लगातार अच्छे प्रदर्शन की भी सराहना की।
15 अन्य कैडेट ज्वाइनिंग लेटर के इंतजार में
संस्थान के निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय एच. चौहान ने भी सफल कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि संस्थान के 15 अन्य कैडेट दिसंबर 2026 में शुरू होने वाले कोर्सों के लिए ज्वाइनिंग लेटर का इंतजार कर रहे हैं।
इसके अलावा दिसंबर में संस्थान के 10 और कैडेट इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) तथा एयर फोर्स एकेडमी (AFA) से अफसर के रूप में कमीशन हासिल करेंगे। इससे संस्थान की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने की उम्मीद है।

