अमेरिका में पंजाबी ट्रक ड्राइवर गुरकीरत सिंह की मौत, जनवरी में होनी थी शादी

अमेरिका में पंजाब के 27 वर्षीय ट्रक ड्राइवर की हादसे में मौत, टायर चेक करते समय दूसरे ट्रक ने कुचला; जनवरी में होनी थी शादी

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के रहने वाले 27 वर्षीय युवक की अमेरिका में सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरकीरत सिंह खरौड़ के रूप में हुई है। वह ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि गुरकीरत अपने ट्रक के टायर चेक कर रहा था, तभी पीछे से आए दूसरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह घटना 18 नवंबर को अमेरिका के मोंटाना राज्य में माइल सिटी के पास फॉलन क्षेत्र में इंटरस्टेट-94 (I-94) पर हुई। पुलिस की ओर से 28 नवंबर को की गई कार्रवाई के बाद यह मामला सामने आया।

तेज हवा से ट्रक का संतुलन बिगड़ने का दावा

इस हादसे में शामिल दूसरे ट्रक के ड्राइवर की उम्र 30 साल बताई गई है। वह मोंटाना के बिलिंग्स का निवासी है और कथित तौर पर पीटरबिल्ट ट्रक चला रहा था।

घटना के बाद दूसरे ट्रक के ड्राइवर ने दावा किया कि तेज हवा के कारण उसके ट्रक का संतुलन बिगड़ गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की जांच जारी है।

जनवरी 2027 में होनी थी शादी

गुरकीरत सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में अब उसकी मां और दादी हैं। परिचितों के मुताबिक, गुरकीरत की शादी जनवरी 2027 में तय थी और वह इसे लेकर काफी खुश था।

बताया गया कि यह उसका आखिरी ट्रक फेरा था। इसके बाद उसने कनाडा के एडमंटन में प्री-वेडिंग कार्यक्रम के लिए छुट्टियां भी बुक कर रखी थीं।

दोस्तों और साथियों ने गुरकीरत को खुशमिजाज और सकारात्मक स्वभाव का युवक बताया। उनके मुताबिक, वह दोस्तों के ग्रुप की रौनक हुआ करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार और परिचितों को गहरा सदमा पहुंचा है।

फर्जी क्राउडफंडिंग अभियान से सावधान रहने की अपील

गुरकीरत के दोस्तों और परिचितों ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को फर्जी चंदा अभियानों से सावधान रहने की अपील की है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि फिलहाल परिवार या दोस्तों की ओर से कोई आधिकारिक ‘गोफंडमी’ (GoFundMe) या अन्य क्राउडफंडिंग अभियान शुरू नहीं किया गया है।

लोगों से अपील की गई है कि यदि गुरकीरत के नाम पर कोई चंदा जुटाने का लिंक या अपील साझा की जाती है, तो बिना पुष्टि किए उस पर भरोसा न करें। किसी भी तरह की आर्थिक मदद करने से पहले परिवार या अधिकृत लोगों से आधिकारिक जानकारी जरूर प्राप्त करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *