शैरी मान ने परमीश वर्मा को डेडिकेट किया ‘यारी’ गाना, सुलह के संकेत

शैरी मान ने स्टेज पर परमीश वर्मा को किया याद, ‘यारी’ गाना किया डेडिकेट; 5 साल पुरानी कड़वाहट खत्म होने के संकेत

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के दो चर्चित कलाकारों शैरी मान और परमीश वर्मा के बीच करीब पांच साल से चली आ रही अनबन अब खत्म होती नजर आ रही है। शैरी मान ने न्यू चंडीगढ़ में अपने लाइव शो के दौरान परमीश वर्मा के साथ बिताए पुराने पलों को याद किया। उन्होंने अपने चर्चित गाने ‘यारी’ की प्रस्तुति के दौरान LED स्क्रीन पर दोनों की पुरानी तस्वीरें और वीडियो क्लिप दिखाईं। इस भावुक पल को दोनों के रिश्ते सुधरने की दिशा में एक और संकेत माना जा रहा है।

‘यारी’ गाने के दौरान दिखाई पुरानी तस्वीरें

28 नवंबर को न्यू चंडीगढ़ (मोहाली) के ओमैक्स वर्ल्ड स्ट्रीट में शैरी मान का ‘दैट एरा’ (That Era) टूर के तहत लाइव शो आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जब शैरी मान अपने लोकप्रिय गाने ‘यारी’ पर प्रस्तुति दे रहे थे, तभी LED स्क्रीन पर परमीश वर्मा के साथ उनकी पुरानी निजी तस्वीरें और वीडियो चलाए गए।

इन तस्वीरों और क्लिप में दोनों के शुरुआती संघर्ष और साथ बिताए गए समय की झलक दिखाई गई। गाने के आखिर में स्क्रीन पर परमीश वर्मा की एक बड़ी तस्वीर भी दिखाई गई। तस्वीर में वह क्रीम और लाल रंग की शेरवानी तथा फूलों का हार पहने हाथ हिलाते नजर आए।

इसी दौरान सफेद कुर्ते और हरी पगड़ी पहने भंगड़ा कलाकार स्टेज पर पहुंचे और शैरी मान के साथ जश्न मनाया। इस प्रस्तुति ने वहां मौजूद प्रशंसकों को भावुक कर दिया।

शादी में मोबाइल फोन जमा कराने से शुरू हुआ था विवाद

शैरी मान और परमीश वर्मा के बीच मतभेद की शुरुआत कनाडा में परमीश वर्मा और गीत ग्रेवाल की शादी के दौरान हुई थी। शादी समारोह में निजी पलों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मेहमानों के मोबाइल फोन जमा करवा लिए गए थे।

शैरी मान को यह व्यवस्था पसंद नहीं आई। इसके अलावा, शादी की रस्मों में व्यस्त रहने के कारण परमीश उन्हें पर्याप्त समय नहीं दे पाए। समारोह से लौटने के बाद शैरी मान ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अपनी नाराजगी जाहिर की और परमीश के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

इंस्टाग्राम लाइव और सोशल मीडिया पर बढ़ी कड़वाहट

करीब एक साल बाद शैरी मान ने शराब के नशे में एक और इंस्टाग्राम लाइव किया। इस दौरान उन्होंने परमीश वर्मा को भारत आकर मिलने की चुनौती दी और उनके खिलाफ अपशब्द कहे।

इसके जवाब में परमीश वर्मा ने सोशल मीडिया स्टोरी पर बिना नाम लिए तंज कसा था। उन्होंने लिखा था, ‘बहुत कलाकार G.O.A.T बनते देखे थे, यह पहला है जो गधा बनता देखा।’

हालांकि, कुछ दिनों बाद शैरी मान ने एक भावुक नोट लिखकर अपने व्यवहार पर खेद जताया था।

पॉडकास्ट में मानी अपनी गलती

हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में शैरी मान ने इस विवाद पर खुलकर बात की थी। उन्होंने स्वीकार किया था कि उस समय उनकी तरफ से भी बात जरूरत से ज्यादा बढ़ गई थी। शैरी मान ने कहा था, ‘मेरी तरफ से भी ओवर हो गया था।’

अब न्यू चंडीगढ़ के लाइव शो में परमीश वर्मा की पुरानी तस्वीरें और वीडियो दिखाकर शैरी मान ने एक बार फिर दोस्ती की ओर कदम बढ़ाने का संकेत दिया है। हालांकि, दोनों कलाकारों की ओर से सुलह को लेकर कोई औपचारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *