शैरी मान के शराब को बढ़ावा देने वाले गानों पर सख्ती, मोहाली में 28 नवंबर को होने वाले शो से पहले आयोग ने दिए कार्रवाई के निर्देश
पंजाबी गायक शैरी मान के मोहाली में होने वाले लाइव शो से पहले विवाद खड़ा हो गया है। शराब का प्रचार करने वाले गानों को लेकर पंजाब राज्य बाल अधिकार रक्षा आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने एसएएस नगर के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) को मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
न्यू चंडीगढ़ स्थित वर्ल्ड स्ट्रीट में 28 नवंबर को शैरी मान का लाइव शो प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में शराब का गुणगान करने वाले गाने गाए जाने की आशंका को लेकर आयोग के पास शिकायत पहुंची थी।
‘लाके तिन पैग बलिए’ गाने को लेकर जताई गई आपत्ति
आयोग को यह शिकायत डॉ. पंडितराव धरेणवर की ओर से मिली थी। शिकायत में आशंका जताई गई कि कार्यक्रम के दौरान ‘लाके तिन पैग बलिए, होस्टल वाला कमरा देवे जी’ जैसे बोल वाले गाने गाए जा सकते हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, ऐसे गाने शराब को बढ़ावा देते हैं और इनका बच्चों तथा युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
डीसी को पत्र लिखकर कार्रवाई के निर्देश
शिकायत का संज्ञान लेते हुए पंजाब राज्य बाल अधिकार रक्षा आयोग ने एसएएस नगर के डीसी को पत्र भेजा है। आयोग ने मामले में तुरंत नियमानुसार जरूरी कदम उठाने को कहा है।
आयोग ने बच्चों और युवा पीढ़ी के बीच शराब को बढ़ावा देने वाली संस्कृति पर रोक लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।
2011 की अधिसूचना के तहत हुआ था आयोग का गठन
पंजाब राज्य बाल अधिकार रक्षा आयोग का गठन पंजाब सरकार ने 15 अप्रैल 2011 को जारी अधिसूचना के तहत किया था। यह बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 की धारा 17 के तहत गठित एक वैधानिक संस्था है।
आयोग को बच्चों के अधिकारों से जुड़े मामलों की जांच करने और स्वतः संज्ञान लेने का अधिकार प्राप्त है। इसके अलावा, किशोर न्याय अधिनियम, 2015, पॉक्सो एक्ट, 2012 और शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के तहत भी आयोग निगरानी की जिम्मेदारी निभाता है। मामलों की सुनवाई के दौरान इसे सिविल कोर्ट जैसी कुछ शक्तियां भी प्राप्त हैं।

