पंजाब में AAP को एक और झटका, विधायक डॉ. चरणजीत सिंह अकाली दल में शामिल; बोले- पार्टी का कंट्रोल दिल्ली के हाथ में
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। रूपनगर जिले के चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने पार्टी से इस्तीफा देकर शिरोमणि अकाली दल (SAD) का दामन थाम लिया है। अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया।
डॉ. चरणजीत सिंह AAP छोड़ने वाले पंजाब के चौथे विधायक हैं। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराया था। पार्टी की ओर से 2027 के चुनाव के लिए चमकौर साहिब से जसबीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद से ही वह नाराज चल रहे थे।
जसबीर गढ़ी को टिकट मिलने के बाद दिखाई थी नाराजगी
AAP ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चमकौर साहिब सीट से जसबीर सिंह गढ़ी को टिकट दिया है। इसके बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने ऐलान किया था कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे।
उनके भाजपा में शामिल होने की भी चर्चा थी। हालांकि, भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन के बाद उन्होंने शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने का फैसला किया।
डॉ. चरणजीत सिंह ने AAP छोड़ने की बताई ये वजहें
अकाली दल में शामिल होने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व और कामकाज पर कई सवाल उठाए।
1. अपने प्रयासों से करोड़ों के काम करवाने का दावा
उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तिगत प्रयासों से चमकौर साहिब हलके में कई विकास कार्य हुए हैं। इनमें 56 करोड़ रुपये का नहरी प्रोजेक्ट और चमकौर साहिब के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट शामिल है।
2. चन्नी के साथ राजनीतिक एडजस्टमेंट का आरोप
डॉ. चरणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि AAP ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ राजनीतिक एडजस्टमेंट की है। उनके मुताबिक, पार्टी जानती है कि वह पहले चन्नी को चुनाव में हरा चुके हैं, इसलिए उनके मुकाबले कमजोर उम्मीदवार को टिकट दिया गया।
3. पार्टी से नाराजगी की बात कही
विधायकों के पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि संभव है कि वे पार्टी से परेशान हो गए हों। उन्होंने स्वीकार किया कि वह खुद भी पार्टी के रवैये से तंग आ चुके थे।
4. AAP का नियंत्रण दिल्ली के हाथ में होने का आरोप
डॉ. चरणजीत सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी का पूरा नियंत्रण दिल्ली के हाथ में है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और कांग्रेस समेत कई पार्टियों का संचालन दिल्ली से होता है, लेकिन AAP में उन्हें सम्मान नहीं मिला।
5. मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय नहीं मिलने की शिकायत
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक साल से वह अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री से केवल दो मिनट का समय मांग रहे थे, लेकिन उन्हें मुलाकात का मौका तक नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सम्मान नहीं मिलने के कारण उन्होंने पार्टी छोड़कर अपनी क्षेत्रीय पार्टी शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने का फैसला किया।
71 उम्मीदवारों की सूची में 8 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे
AAP पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अब तक दो सूचियों में 117 में से 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। पार्टी ने इन सूचियों में 8 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट नहीं दिया है।
इनमें गुरमीत सिंह खुड्डियां, लालजीत सिंह भुल्लर, अनमोल गगन मान, अमित रतन कोटफत्ता, रमन अरोड़ा, डॉ. चरणजीत सिंह, कुलवंत सिंह बाजीगर और कुंवर विजय प्रताप सिंह शामिल हैं। अभी 46 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है।
टिकट कटने के बाद समर्थकों के साथ की थी बैठक
टिकट कटने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने बगावती तेवर दिखाए थे। उन्होंने चमकौर साहिब में अपने 200 से अधिक प्रमुख समर्थकों के साथ बैठक की थी। इस दौरान समर्थकों ने हाथ उठाकर उन्हें आगे का राजनीतिक फैसला लेने में समर्थन दिया था।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व को चेतावनी दी थी कि यदि स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान नहीं किया गया तो वह AAP छोड़कर किसी दूसरी पार्टी में जा सकते हैं।
डॉ. चरणजीत सिंह ने यह भी आरोप लगाया था कि 12 साल से अधिक समय तक पार्टी के लिए काम करने और अपनी संपत्ति तक लगाने के बावजूद नेतृत्व ने उनकी कद्र नहीं की। उन्होंने मुख्यमंत्री से पिछले एक साल से मुलाकात का समय नहीं मिलने की शिकायत भी दोहराई थी।
AAP छोड़ने वाले चौथे विधायक बने डॉ. चरणजीत सिंह
डॉ. चरणजीत सिंह से पहले पंजाब में AAP के तीन विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। इनमें सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप सिंह शामिल हैं। इन तीनों ने भाजपा का दामन थामा था।
अप्रैल 2026 में AAP के 6 राज्यसभा सांसदों ने भी छोड़ी थी पार्टी
इससे पहले अप्रैल 2026 में पंजाब से AAP के टिकट पर राज्यसभा पहुंचे छह सांसदों ने भी पार्टी छोड़ दी थी। इनमें राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रमजीत सिंह साहनी और राजिंदर गुप्ता के नाम शामिल हैं। खबर के मुताबिक, इन सभी ने भाजपा जॉइन की थी।

