पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। खरड़ से आम आदमी पार्टी की विधायक और पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान किया है। पूर्व में कैबिनेट में बदलाव के दौरान अनमोल गगन मान को मंत्रीपद से हटा दिया गया था।
अनमोल गगन मान ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर जानकारी दी है कि उन्होंने राजनीति से संन्यास लेने का फैसला किया है और विधायक पद से अपना इस्तीफा भी स्पीकर को भेज दिया है।
अनमोल गगन मान राजनीति में आने से पहले पंजाब की नामी गायिका भी रह चुकी हैं। अनमोल गगन ने फेसबुक पर लिखा कि “भारी मन से मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला किया है। स्पीकर साहब को निवेदन है कि विधायक पद से दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।”
अनमोल गगन मान मशहूर पंजाबी सिंगर हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में वह मोहाली की खरड़ विधानसभा सीट से AAP विधायक बनी थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्हें पर्यटन व संस्कृति मंत्री बनाया गया। हालांकि, 2024 में फेरबदल के बाद उनकी मंत्रिमंडल से छुट्टी हो गई थी। पिछले कुछ समय से वह राजनीतिक गतिविधियों से दूर थीं।
020 में जॉइन की थी आम आदमी पार्टी अनमोल गगन मान ने वर्ष 2020 में आम आदमी पार्टी जॉइन की थी। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट पर अकाली दल के रणजीत सिंह गिल को 37,718 वोट से हराकर MLA बनीं। वह आम आदमी पार्टी के उन सबसे युवा विधायकों में शामिल थीं जो 2022 के विधानसभा चुनाव में जीते। अनमोल गगन मान ने पंजाब में AAP का कैंपेन सॉन्ग भी तैयार किया था।