CM Bhagwant Mann: युवाओं को बड़ा तोहफा, 606 उम्मीदवारों को बांटे नियुक्ति पत्र; 61,281 सरकारी नौकरियां अब तक दी गईं
चंडीगढ़/जालंधर | Punjabi Doordarshan ब्यूरो
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नए साल की शुरुआत युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी के साथ की। चंडीगढ़ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के 606 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम पंजाब सरकार के साल 2026 के ‘मिशन रोजगार’ का पहला आधिकारिक समागम था।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार अब तक 61,281 युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कर चुकी है। उन्होंने कहा,
“पूरा पंजाब मेरा परिवार है और आज जिन युवाओं को नौकरी मिली है, उनकी खुशी मेरी अपनी खुशी है। ऐसा लगता है जैसे मेरे ही परिवार के किसी सदस्य को नौकरी मिली हो।”
शिक्षा को बताया असली संपत्ति
मुख्यमंत्री मान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में अमीर वही होगा जिसके पास ऊंची शिक्षा होगी, न कि सिर्फ पैसा और गाड़ियां। उन्होंने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए युवाओं से मेहनत और ईमानदारी के रास्ते पर चलने की अपील की।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
सी.एम. मान ने पूर्व सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा,
“जिन्हें युवाओं की नौकरी की फाइलों पर साइन करने थे, उन्होंने अपने भाई-भतीजों की चिट्ठियों पर साइन कर दिए। उस दौर में पंजाब का युवा नौकरी की चिट्ठियों का इंतजार करता रहा।”
मिशन रोजगार 2026
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार का लक्ष्य राज्य के युवाओं को अधिक से अधिक सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि पंजाब का युवा अपने ही राज्य में उज्ज्वल भविष्य बना सके।

