बटाला निगम का सेनेटरी अफसर 4 घंटे में सस्पेंड, नगर कीर्तन मार्ग पर लापरवाही बनी कारण

बटाला निगम का सेनेटरी अफसर 4 घंटे में सस्पेंड, नगर कीर्तन मार्ग पर लापरवाही बनी कारण

गुरदासपुर:
पंजाब के कार्यकारी प्रधान और बटाला से विधायक शैरी कलसी ने बटाला शहर में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि शहर के किसी भी विभाग की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बटाला एक ऐतिहासिक और धार्मिक शहर है, जहां सिख, हिंदू और ईसाई समुदाय अपने धार्मिक समागम पूरी श्रद्धा और शांति के साथ मनाते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है।

शैरी कलसी ने बताया कि हाल ही में बटाला में आयोजित नगर कीर्तन के दौरान नगर निगम के एक अधिकारी की गंभीर लापरवाही सामने आई। नगर कीर्तन के रूट पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए थे, जिससे संगत में भारी रोष देखा गया और लोगों ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय सरकार विभाग, पंजाब सरकार ने महज चार घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए नगर निगम बटाला के सेनेटरी अफसर जगदीप सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

पंजाब सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई

नगर निगम बटाला के कमिश्नर द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर जगदीप सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई पंजाब सिविल सेवाएं (सजा और अपील) नियमावली 1970 के नियम 4(1) के तहत की गई है। अधिकारी पर ड्यूटी में घोर लापरवाही के आरोप हैं और इसके तहत आरोप सूची अलग से जारी की जाएगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

विधायक शैरी कलसी का कड़ा संदेश

विधायक शैरी कलसी ने कहा कि वे 24 घंटे शहरवासियों की सेवा के लिए उपलब्ध रहते हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक नेता और निगम अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से भागते रहते हैं। उन्होंने ऐसे सभी लोगों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाने की सख्त चेतावनी दी।

उन्होंने दोहराया कि बटाला के विकास और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की किसी भी लापरवाही पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *