Big Breaking: राणा बलाचौरिया मर्डर केस में 2 शूटर गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल से दबोचे गए आरोपी, होंगे बड़े खुलासे
जालंधर / रोपड़ | Punjabi Doordarshan डेस्क
कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में शामिल दो शूटरों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल STF और केंद्रीय एजेंसियों की मदद से की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण पाठक और तरनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस गिरफ्तारी से आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
15 दिसंबर को टूर्नामेंट के दौरान की गई थी हत्या
यह वारदात 15 दिसंबर 2025 की शाम को मोहाली के सोहाना में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हुई थी। हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और पहले सेल्फी लेने के बहाने राणा बलाचौरिया को रोका, जैसे ही वह रुके, पास से उन पर गोलियां चला दी गईं और आरोपी फरार हो गए।
डॉनी बल्ल गैंग से जुड़े थे शूटर
पुलिस के अनुसार इस हत्या में तीन लोग शामिल थे। गिरफ्तार दोनों शूटरों की पहचान अमृतसर के आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और करण पाठक के रूप में की गई है, जो कुख्यात डॉनी बल्ल गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पहले ही हो चुका है एक शूटर का एनकाउंटर
इस केस में पहले ही एक शूटर का पुलिस एनकाउंटर हो चुका है। मोहाली के लालड़ू में हुए एनकाउंटर में पुलिस ने शूटर हरपिंदर उर्फ मिड्डू (निवासी नौशहरा पन्नुआं, तरनतारन) को मार गिराया था। घायल अवस्था में आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही हत्या की साजिश, नेटवर्क और मास्टरमाइंड से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आएंगे।

