RUBICON में पति को लेने नाभा जेल पहुंचीं गनीव कौर, बोलीं– संघर्ष की हुई जीत

पंजाब डेस्क:
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद आज नाभा जेल से रिहा किया जा रहा है। इस मौके पर उनकी पत्नी और मजीठा से विधायक गनीव कौर मजीठिया अपने पति को लेने के लिए लग्ज़री गाड़ी UBICON में नाभा जेल पहुंचीं।

नाभा जेल पहुंचने पर गनीव कौर मजीठिया ने मीडिया से बातचीत में सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को महापुरुषों और धार्मिक भावनाओं पर तंज कसना शोभा नहीं देता। उनका कहना था कि सत्ता के अहंकार में सरकार ईश्वर को भूल चुकी है, जबकि सच्चाई के साथ भगवान भी खड़े रहते हैं।

मजीठिया की रिहाई को लेकर विरोधियों द्वारा किए जा रहे तंज पर प्रतिक्रिया देते हुए गनीव कौर ने कहा,
जब शेर बाहर आता है, तब सब कुछ साफ हो जाता है। सरकार यह भूल गई थी कि उससे ऊपर भी एक शक्ति है।
उन्होंने इस फैसले को संघर्ष की जीत बताते हुए भगवान और सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया।

जब पत्रकारों ने पूछा कि सरकार पहले यह दावा कर रही थी कि मजीठिया जेल से बाहर नहीं आएंगे, तो इस पर कटाक्ष करते हुए गनीव कौर मजीठिया ने कहा कि सरकार पहले लगाए गए आरोपों का जवाब दे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के दावे सही थे तो कथित जमीन और पैसों का हिसाब सार्वजनिक करे।

गनीव कौर ने स्पष्ट किया कि सरकार ने पूरा दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन अंततः जीत सच्चाई की ही हुई। मजीठिया की रिहाई के बाद अकाली दल समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *