Punjab Weather Update: पंजाब में ठंडी हवाओं का असर जारी, 10 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान

पंजाब में ठंडी हवाओं का दौर जारी, 10 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना

Punjabi Doordarshan | पंजाब डेस्क

पंजाब में सर्द मौसम का असर धीरे-धीरे कम होता दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार धूप निकलने के कारण लोगों को ठंड से आंशिक राहत मिली है, हालांकि सुबह और शाम के समय ठिठुरन अभी भी महसूस की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) चंडीगढ़ ने राज्य के मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज से 10 फरवरी तक पंजाब में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि के लिए किसी तरह का विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन ठंडी हवाओं का असर बना रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दी का चरम दौर गुजर चुका है और आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक दिन का तापमान श्री आनंदपुर साहिब में लगभग 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान फरीदकोट में करीब 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय है, जिसका असर 18 से 20 फरवरी के बीच देखने को मिल सकता है। फिलहाल राज्य में मौसम स्थिर रहने की उम्मीद है और किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *