पंजाबी डोरदर्शन | पंजाब डेस्क
पंजाब में एक बार फिर मौसम का मिज़ाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से राज्य में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और दिन के समय तेज धूप के कारण हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलने से सर्दी अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार फिलहाल पंजाब में मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग ने 14 फरवरी तक राज्य के लिए किसी भी प्रकार का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है, जिससे साफ है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि 15 फरवरी के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि 16 फरवरी को पंजाब के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे दिन और रात दोनों के तापमान में ठंडक बढ़ने की संभावना है।
फिलहाल किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें। हालांकि अभी किसी बड़े मौसम सिस्टम या तेज बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है, लेकिन बदलते मौसम के चलते हल्की ठंड दोबारा लौट सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फरवरी के मध्य में इस तरह के उतार-चढ़ाव सामान्य माने जाते हैं। आने वाले दिनों में बादल छाने और हल्की बारिश के साथ मौसम सुहावना हो सकता है।
