बठिंडा:
पंजाब के बठिंडा में लाल रंग के सूटकेस से युवती की जली हुई लाश मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के करीबी दोस्त को ही आरोपी करार देते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
बठिंडा पुलिस के अनुसार, 11 जनवरी को गांव बहिमन दीवाना के पास सड़क किनारे एक लाल रंग के सूटकेस से आधी जली हुई युवती की लाश बरामद हुई थी। इस घटना के बाद पुलिस की कई टीमें गठित की गईं और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
ज्योति यादव बैंस, एसएसपी बठिंडा, ने बताया कि जांच के दौरान सुरखबीर रोड निवासी प्रिंस नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मृतका सपना उर्फ मल्लिका का लंबे समय से दोस्त था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। गुस्से में आकर आरोपी ने अपने घर में ही तेजधार हथियार से सपना की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को जलाने की कोशिश की, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल पाया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शव को करीब दो दिन तक घर में ही छिपाकर रखा। बदबू फैलने के डर से बाद में उसने शव को लाल सूटकेस में बंद किया और अपनी कार से बठिंडा-मलोट नेशनल हाईवे पर गांव बहिमन दीवाना के पास फेंक दिया, जिसके बाद वह फरार हो गया।
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने अपने शरीर पर अपनी और मृतका की तस्वीर वाला टैटू भी बनवाया था, जो उसकी मानसिक स्थिति की ओर इशारा करता है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

