CT University में दर्दनाक हादसा, छात्रा की गिरने से मौत
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं स्थित CT University में एक दुखद हादसे में बीबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान शहर निवासी शवहूर खातून के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्राएं यूनिवर्सिटी परिसर में लिफ्ट का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक छात्रा लिफ्ट के समीप बनी सीढ़ियों की स्टील रेलिंग पर बैठ गई। बताया जा रहा है कि जैसे ही लिफ्ट पहुंची और अन्य छात्राएं उसमें चढ़ने लगीं, उसी समय बैठी हुई छात्रा का संतुलन बिगड़ गया और वह पीछे की ओर गिरकर नीचे जा गिरी।
गंभीर चोट लगने के कारण छात्रा की हालत नाजुक हो गई। विश्वविद्यालय प्रशासन और स्टाफ ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। थाना सदर के प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

