Sidhu Moosewala Murder Case: शूटर बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड ‘लेडी डॉन’ पुलिस के शिकंजे में
पंजाब डेस्क: दिवंगत पंजाबी गायक Sidhu Moosewala हत्याकांड से जुड़ी जांच में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात आपराधिक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अहम महिला सदस्य खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वह गैंग के ड्रग और अवैध हथियार नेटवर्क से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, नेहा को गैंग के मुख्य शूटर बॉबी कबूतर की करीबी बताया जा रहा है। बॉबी कबूतर पर अवैध हथियारों की सप्लाई और कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह लंबे समय तक फरार रहा और हाल ही में उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि बॉबी कबूतर की भूमिका सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में अहम रही थी। आरोप है कि उसने हत्या से पहले रेकी की थी और वारदात से जुड़े कई पहलुओं में संलिप्त था। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज विभिन्न मामलों की गहराई से जांच कर रही है।
गैंग नेटवर्क और हथियार तस्करी का खुलासा
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नेहा उर्फ ‘मैडम जहर’ कुख्यात Lawrence Bishnoi gang से जुड़ी हुई थी। पुलिस को शक है कि अवैध हथियारों की सप्लाई एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए की जा रही थी।
इस नेटवर्क की कड़ी में कुख्यात हथियार तस्कर सलीम उर्फ ‘पिस्टल’ का नाम भी सामने आया है, जिसे हाल ही में नेपाल-भारत सीमा से गिरफ्तार किया गया था। एजेंसियों को आशंका है कि यह नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ था।
नेहा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों, ड्रग सप्लाई चेन और हथियार तस्करी से जुड़े लोगों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान और बड़े खुलासे होने की संभावना है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं इन हथियारों का इस्तेमाल किसी और बड़ी वारदात के लिए तो नहीं किया जाना था।

