जालंधर में डॉक्टर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 10 राउंड गोलियां चलाकर बदमाश फरार

पंजाबी दूरदर्शन | जालंधर

जालंधर शहर के संतोखपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक डॉक्टर के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने पहले घर के बाहर खड़ी कार पर गोलियां चलाईं और इसके बाद मकान की ओर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। घटना के समय डॉक्टर यशपाल अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। सूचना मिलते ही एसीपी और संबंधित थाना एसएचओ सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

पंजाब पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे रंजिश है या फिर कोई अन्य आपराधिक वजह।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *