सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में नया मोड़, तिहाड़ जेल में बंद अनमोल बिश्नोई को पंजाब लाने की मांग

पंजाबी दूरदर्शन | मानसा

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में एक बार फिर नया मोड़ सामने आया है। शुक्रवार को मानसा कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान तिहाड़ जेल में बंद आरोपी अनमोल बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट पर पंजाब लाने की मांग की गई।

सुनवाई के दौरान अनमोल बिश्नोई के वकील ने अदालत में अर्जी दाखिल करते हुए कहा कि उनका मुवक्किल इस मामले में नामजद है, लेकिन अब तक मानसा पुलिस ने न तो उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया है और न ही उससे पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया है। वकील ने यह भी कहा कि उनका क्लाइंट जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार है।

गौरतलब है कि 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के नाम सामने आए थे।

जांच के दौरान पंजाब पुलिस ने इस मर्डर केस में दो दर्जन से अधिक आरोपियों को नामजद किया था और कई गिरफ्तारियां भी की थीं। मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।

अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अगली सुनवाई की तारीख तय कर दी है। अब इस बात पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि क्या तिहाड़ जेल में बंद अनमोल बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट के जरिए पंजाब लाया जाएगा और इस केस की जांच आगे किस दिशा में बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *