चंडीगढ़
चंडीगढ़ प्रशासन ने साफ किया है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पश्चिम एशिया में चल रही भू-राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और कीमतों की स्थिति की समीक्षा के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कई विभागों के अधिकारी शामिल
इस बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी, मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधि, उपभोक्ता संगठन और आवश्यक वस्तुओं के प्रमुख व्यापारी शामिल हुए। प्रशासन ने बाजार की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखने और जमाखोरी रोकने पर जोर दिया।
गैस एजेंसियों पर पुलिस तैनाती के निर्देश
एलपीजी सप्लाई को लेकर लोगों की चिंता को देखते हुए प्रशासन ने गैस एजेंसियों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीमें गैस एजेंसियों का दौरा कर एलपीजी के वास्तविक स्टॉक की जांच करेंगी।
दो कनेक्शन वालों की बुकिंग पर अस्थायी रोक
तेल विपणन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के पास दो गैस कनेक्शन हैं, उनके लिए पिछली बुकिंग के 30 दिन तक नई बुकिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई है। यह कदम सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।
लोगों से की गई खास अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें। अधिकारियों का कहना है कि शहर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

