चंडीगढ़ BJP दफ्तर ग्रेनेड हमला: आरोपी घंटों शहर में घूमते रहे, NIA ने तेज की जांच

Punjabi Doordarshan | विशेष रिपोर्ट

चंडीगढ़/पंजाब: Chandigarh के सेक्टर 37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले को लेकर जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। घटना के बाद आरोपी कई घंटों तक शहर में खुलेआम घूमते रहे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के अनुसार, हमले के तुरंत बाद संदिग्ध करीब 4 घंटे तक चंडीगढ़ और मोहाली में बिना किसी डर के घूमते रहे। वे बस और पैदल अलग-अलग स्थानों पर जाते रहे, लेकिन इस दौरान कोई भी एजेंसी उनकी गतिविधियों को पकड़ नहीं सकी। इसके बाद आरोपी रात करीब 9 बजे अपने घर रतनगढ़ लौटे और सामान्य दिनचर्या अपनाते हुए परिवार के साथ समय बिताया।

अगली सुबह दोनों आरोपी अलग-अलग स्थानों के लिए निकल गए। पुलिस ने बाद में उनके घरों पर छापेमारी की, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि हमलावरों के पास ग्रेनेड के साथ-साथ रिवॉल्वर भी हो सकता है। एक संदिग्ध के घर से पीले रंग का लिफाफा बरामद हुआ है, जिसमें कारतूस होने की आशंका जताई जा रही है।

इस मामले की जांच अब National Investigation Agency (NIA) और राज्य की विशेष एजेंसियां मिलकर कर रही हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हमले में इस्तेमाल किया गया ग्रेनेड विदेशी निर्माण का था, जिसकी मारक क्षमता 5 से 10 मीटर तक बताई जा रही है।

CCTV और वायरल वीडियो से मिले सुराग

घटना के बाद इलाके के CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच एजेंसियां इन सबूतों के आधार पर उनकी गतिविधियों को ट्रैक कर रही हैं।

संदिग्धों पर पुलिस का शिकंजा

इस मामले में कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने रतनगढ़ और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने दो संदिग्धों को राउंडअप किया है, हालांकि देर शाम तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

पुलिस ने जिन लोगों के घरों पर छापेमारी की, उनमें गुरतेज सिंह और अमनप्रीत सिंह के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा एक संदिग्ध के पिता को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

जांच एजेंसियां इस हमले के पीछे की साजिश, संभावित नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई की कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *