Karnataka Political Shake-Up: सिद्धारमैया ने CM पद से दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री
कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बेंगलुरु में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी हाईकमान के फैसले का सम्मान किया है और आलाकमान के निर्देश के बाद ही इस्तीफा दिया है।
सिद्धारमैया ने कहा, “मैं पहले भी कह चुका था कि जब हाईकमान कहेगा, मैं पद छोड़ दूंगा। कल निर्देश मिला और आज मैंने इस्तीफा सौंप दिया।”
उन्होंने बताया कि उनका इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत के सचिव को सौंपा गया है। फिलहाल राज्यपाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर हैं।
राजनीतिक हलकों में अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि डिप्टी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे। शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इस पर आधिकारिक मुहर लग सकती है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस में पहले से तय रोटेशनल मुख्यमंत्री फॉर्मूले के तहत यह बदलाव किया गया है। इस्तीफे से पहले सिद्धारमैया ने अपने आवास पर मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक भी की।
इस दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छुए और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस तस्वीर को कांग्रेस में सत्ता हस्तांतरण और एकजुटता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
कर्नाटक में यह राजनीतिक बदलाव आगामी चुनावी रणनीति और पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस का बड़ा कदम माना जा रहा है।

