अमृतसर में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन: अभिजीत दीपके बोले- चुनाव से कोई लेना-देना नहीं, छात्रों को न्याय दिलाने की लड़ाई

अमृतसर में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, अभिजीत दीपके बोले- चुनाव से कोई लेना-देना नहीं

अमृतसर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को अमृतसर में प्रदर्शन कर शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। गोल्डन गेट पर आयोजित करीब दो घंटे के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल होने से पहले अभिजीत दीपके ने श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेका और अरदास की। इसके बाद वे गोल्डन गेट पहुंचे, जहां उनके समर्थकों और छात्रों ने नारेबाजी की।

ट्रैफिक में फंसे, सुरक्षा नहीं मिली

अभिजीत दीपके ने कहा कि वे समय पर अमृतसर पहुंच गए थे, लेकिन ट्रैफिक के कारण कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में देरी हुई। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी प्रकार की विशेष सुरक्षा या पुलिस एस्कॉर्ट नहीं दिया गया।

उन्होंने दावा किया कि अमृतसर में आयोजित यह प्रदर्शन पुणे और दिल्ली के प्रदर्शनों से भी बड़ा रहा।

चुनाव नहीं, छात्रों के लिए आंदोलन

अभिजीत दीपके ने स्पष्ट कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का चुनावी राजनीति से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा, “हमें चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। यह आंदोलन छात्रों और युवाओं को न्याय दिलाने के लिए है। देशभर में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और कथित अनियमितताओं के खिलाफ हम आवाज उठा रहे हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के छात्र भी नीट, सीबीएसई और अन्य राष्ट्रीय परीक्षाओं में हिस्सा लेते हैं, इसलिए पंजाब में भी इस मुद्दे पर आंदोलन करना जरूरी है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

गोल्डन गेट पर मंच से युवाओं ने ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ और ‘कॉकरोच जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

अभिजीत ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

“देश में हर बड़े आंदोलन में पंजाब का योगदान रहा”

अभिजीत दीपके ने कहा कि देश के लगभग हर बड़े आंदोलन में पंजाब की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी वजह से उन्होंने अमृतसर को प्रदर्शन के लिए चुना।

उन्होंने कहा, “यह स्टूडेंट्स का मूवमेंट है, यह युवाओं की आवाज है और हमारा उद्देश्य केवल छात्रों को न्याय दिलाना है।”

देशभर में जारी रहेगा अभियान

अभिजीत ने बताया कि अमृतसर के बाद वे बेंगलुरु और जयपुर सहित अन्य शहरों का दौरा करेंगे और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक करेंगे।

केंद्रीय मंत्री का बयान

इस प्रदर्शन से पहले केंद्रीय मंत्री Manohar Lal Khattar ने कहा था कि जो भी इस पार्टी को समर्थन देगा या इसकी फंडिंग करेगा, उसे देश के खिलाफ माना जाएगा। इस बयान के बाद कॉकरोच जनता पार्टी और उसके आंदोलन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *