पंजाब में कल पहुंचेगी कॉकरोच जनता पार्टी, अमृतसर में प्रदर्शन करेंगे अभिजीत दीपके
अमृतसर: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके शुक्रवार को पंजाब पहुंचेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी और युवाओं से अमृतसर में आयोजित होने वाले शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
अमृतसर गेट पर होगा प्रदर्शन
अभिजीत दीपके के अनुसार, वह शुक्रवार शाम 4 बजे अमृतसर गेट पहुंचेंगे, जहां छात्रों और युवाओं के साथ मिलकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाना और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की आवाज को मजबूत करना है।
युवाओं से की विशेष अपील
वीडियो संदेश में अभिजीत दीपके ने कहा कि सभी युवा शाम 4 बजे अमृतसर गेट के सामने एकत्र हों और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाएं।
उन्होंने कहा, “अगर हम सब मिलकर अपनी बात रखेंगे, तो नीट और सीबीएसई के विद्यार्थियों को न्याय जरूर मिलेगा। हमारा प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।”
पहले भी कई शहरों में कर चुके हैं प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके इससे पहले दिल्ली और पुणे में भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने लखनऊ में भी छात्रों के साथ प्रदर्शन किया था।
इन प्रदर्शनों के दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।
छात्रों के मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर अभियान
अभिजीत दीपके का कहना है कि उनका अभियान किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए है। उन्होंने कहा कि विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों और विद्यार्थियों की चिंताओं को लेकर वे अलग-अलग राज्यों में जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं।
पंजाब में होने वाला यह प्रदर्शन भी इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

