लुधियाना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन 20 जून से 22 जून तक पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार, इस दौरान वह अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में धार्मिक, सामाजिक, संगठनात्मक और बौद्धिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन ने बताया कि नितिन नवीन अपने दौरे की शुरुआत 20 जून को अमृतसर से करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, श्री दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीर्थ मंदिर में मत्था टेककर श्रद्धांजलि एवं दर्शन करेंगे। इसके बाद वह जालंधर के लिए रवाना होंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक और संवाद का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नितिन नवीन जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वह लुधियाना पहुंचेंगे, जहां भाजपा के जिला कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के साथ-साथ पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
दौरे के दौरान उद्योगपतियों और व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद का कार्यक्रम रखा गया है। पार्टी का मानना है कि विभिन्न वर्गों से संवाद के माध्यम से संगठन की पहुंच को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
22 जून को सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और युवा प्रतिनिधियों के साथ बैठकों का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके अलावा युवा सम्मेलन (यूथ कॉन्क्लेव) का आयोजन भी किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और कोर ग्रुप के साथ अलग-अलग बैठकें भी प्रस्तावित हैं।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह दौरा पंजाब में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है और विभिन्न जिलों में कार्यक्रमों की तैयारियां जारी हैं।

