खन्ना: पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के काफिले के गुजरने के दौरान सोमवार सुबह समराला स्थित घुलाल टोल प्लाजा पर एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया चंडीगढ़ से लुधियाना जा रहे थे, जहां उन्हें एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। सुबह करीब आठ बजे उनका काफिला समराला के घुलाल टोल प्लाजा से गुजर रहा था।
इसी दौरान एक इनोवा कार टोल प्लाजा की उसी लेन में पहुंच गई, जहां से काफिला गुजर रहा था। इसके बाद काफिले के पीछे चल रही सरकारी एंबुलेंस और इनोवा कार के बीच टक्कर हो गई।
दो लोग घायल
हादसे में एंबुलेंस में मौजूद एक इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन और इनोवा कार में सवार एक महिला घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए समराला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर इसे एक सड़क दुर्घटना के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट रूप से समझा जा सके।
टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद टोल प्लाजा पर वीवीआईपी काफिलों के दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, प्रशासन ने मामले की जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की अपील की है।
राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में राज्यपाल के काफिले में शामिल अन्य वाहनों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार जारी रहा।

