पंजाब कांग्रेस में खींचतान पर बोले भूपेश बघेल: ‘जो बुलाएगा, उसके घर भी जाऊंगा’, चन्नी गुट पर दिया जवाब
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव के बाद जारी अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया है कि उनका पंजाब दौरा चुनावी तैयारियों के लिए है और वह सभी नेताओं से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि जो भी नेता उन्हें बुलाएगा, वह उसके घर भी जाने को तैयार हैं।
5 दिन के पंजाब दौरे पर हैं बघेल
भूपेश बघेल इन दिनों पांच दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। इस दौरान वह पार्टी के नए नियुक्त वर्किंग प्रेसिडेंट, जिला अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने नए वर्किंग प्रेसिडेंट राज कुमार वेरका से भी मुलाकात की।
मीडिया से बातचीत में बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं और इसी उद्देश्य से संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं।
चन्नी गुट के सवाल पर दिया जवाब
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि चरणजीत सिंह चन्नी गुट का कोई नेता अब तक उनसे मिलने नहीं आया है, तो उन्होंने कहा कि उनका दौरा अभी जारी है।
उन्होंने कहा, “मैं पांच दिन पंजाब में हूं। जो भी मुझे बुलाएगा, मैं उसके घर भी जाऊंगा। सभी नेताओं से बातचीत होगी और आने वाले दिनों में इस पूरे विषय पर विस्तार से बात करेंगे।”
राजा वड़िंग ने भी दी सफाई
उधर, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि चरणजीत सिंह चन्नी और भूपेश बघेल के बीच फोन पर बातचीत हो चुकी है।
वड़िंग के अनुसार, चन्नी फिलहाल कुछ पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण पंजाब से बाहर हैं और दो दिन बाद लौटेंगे। इसके बाद उनकी बघेल के साथ बैठक होगी।
चुनावी तैयारियों पर कांग्रेस का फोकस
पंजाब कांग्रेस में हाल के दिनों में संगठनात्मक बदलावों के बाद अलग-अलग नेताओं की सक्रियता बढ़ी है। हालांकि पार्टी नेतृत्व लगातार यह संदेश देने की कोशिश कर रहा है कि सभी नेताओं को साथ लेकर चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी। भूपेश बघेल का पांच दिवसीय दौरा भी इसी प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है।

