खेड़ी वाले बाबा का बड़ा दावा: अफीम छोड़ दी, पत्नी पर गलत टिप्पणी करने वालों को दी धमकी
संगरूर: पंजाब के चर्चित खेड़ी वाले बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अफीम खाना पूरी तरह छोड़ दिया है। साथ ही अपनी दूसरी पत्नी पर अभद्र टिप्पणी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने उनकी पत्नी के बारे में गलत टिप्पणी की, तो वह उसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बोले- मेरी पत्नी ने मेरी जिंदगी बदल दी
वायरल वीडियो में बाबा गुरविंदर सिंह ने कहा कि उनकी दूसरी पत्नी से करीब पांच महीने पहले प्रेम विवाह हुआ था और उसी के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने दावा किया कि पत्नी के सहयोग से उन्होंने अफीम की लत छोड़ दी।
बाबा ने कहा कि अफीम छोड़ने के दौरान उन्हें काफी शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि बीमारी के दौरान उनकी पत्नी ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और उनकी देखभाल की। इसी वजह से वह अपनी पत्नी का सम्मान करते हैं और उसके खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
पत्नी पर टिप्पणी करने वालों को दी चेतावनी
बाबा ने कहा कि यदि किसी की टिप्पणी से उनकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान हुई तो वह इसे सहन नहीं करेंगे। उन्होंने बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए विरोधियों को गंभीर चेतावनी दी। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सांसद सरबजीत सिंह खालसा पर भी साधा निशाना
बाबा गुरविंदर सिंह ने फरीदकोट से निर्दलीय सांसद सरबजीत सिंह खालसा के एक बयान पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक कद छोटा नहीं है और पंजाब की कई राजनीतिक पार्टियां उन्हें टिकट देने के लिए संपर्क करती रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि जहां भी उनका प्रसिद्ध घोड़ा “पंजाब श्रृंगार” पहुंचता है, वहां बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। बाबा ने यह भी कहा कि उनका संबंध केवल सांसद अमृतपाल सिंह से है और किसी अन्य राजनीतिक दल से उनका कोई संबंध नहीं है।
पहले भी कई विवादों में रहे हैं बाबा
खेड़ी वाले बाबा पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। उनके और ससुराल पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चलता रहा है। उन्होंने अपने साले पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया था, जबकि दूसरी ओर ससुराल पक्ष ने भी उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मामले दर्ज करवाए थे।
बाबा ने पहले यह भी आरोप लगाया था कि उनके जेल में रहने के दौरान उनके फार्म पर मौजूद कई कीमती घोड़ों को जहर देकर मार दिया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
बाबा का ताजा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके अफीम छोड़ने के दावे और पत्नी के समर्थन में दिए गए बयान चर्चा का विषय बने हुए हैं। वहीं, उनकी धमकी भरी टिप्पणी को लेकर भी लोगों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

