पंजाब विधानसभा की कार्यवाही शुरू, बरगाड़ी बेअदबी मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन
पंजाब डेस्क: पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही बरगाड़ी बेअदबी मामले और अन्य मुद्दों को लेकर पंजाब कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करते हुए मामले में इंसाफ की मांग की।
विपक्ष के प्रदर्शन और सरकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों के बीच आज सदन की कार्यवाही के हंगामेदार रहने के आसार जताए जा रहे हैं।
काले परने बांधकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक
बरगाड़ी बेअदबी मामले को लेकर कांग्रेस विधायकों ने काले परने बांधकर विधानसभा परिसर के बाहर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बेअदबी मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बरगाड़ी बेअदबी मामले में अब तक लोगों को न्याय नहीं मिला है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को खुली बहस की चुनौती देते हुए सरकार से अपने दावों को तथ्यों के आधार पर साबित करने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक और मंत्री के बीच बहस
विधानसभा के बाहर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक प्रगट सिंह और कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह ग्यासपुरा के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर राजनीतिक आरोप लगाए गए, जिसके चलते कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा।
बाद में विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई। विपक्षी दल ने संकेत दिए हैं कि बरगाड़ी बेअदबी का मुद्दा सदन के भीतर भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सदन में भी हंगामे के आसार
बरगाड़ी बेअदबी मामले के अलावा कांग्रेस की ओर से पेपर लीक समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरने की तैयारी है। ऐसे में मानसून सत्र के चौथे दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
विपक्ष का कहना है कि वह बेअदबी मामले समेत जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगता रहेगा। वहीं, अब नजर इस बात पर है कि विधानसभा के भीतर सरकार इन आरोपों का किस तरह जवाब देती है।

