चंडीगढ़ से लौटते समय हादसे का शिकार हुए रिटायर्ड ASI
बठिंडा: चंडीगढ़ में आयोजित रैली से वापस तलवंडी साबो लौट रहे रिटायर्ड ASI गुरचरण सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना पटियाला में गुरुद्वारा साहिब परमेश्वर द्वार के पास हुई, जहां एक स्विफ्ट कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में गुरचरण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गुरुद्वारा साहिब के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गुरचरण सिंह 7 अगस्त को चंडीगढ़ में आयोजित रैली में शामिल होने के बाद वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे। रास्ते में वह पटियाला स्थित गुरुद्वारा साहिब परमेश्वर द्वार में रुके थे।
इसी दौरान एक स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पटियाला के अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
चोटें गंभीर होने के कारण गुरचरण सिंह की हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी एक रिटायर्ड डीएसपी की ओर से दी गई है।
मौत की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग से जुड़े उनके साथियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार के प्रति जताई संवेदना
बठिंडा के प्रधान रणजीत सिंह तूर ने भी रिटायर्ड ASI गुरचरण सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार से संपर्क कर अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी।
गुरचरण सिंह के निधन पर उनके साथी पुलिस कर्मचारियों और परिचितों ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

