CM Bhagwant Mann ने बेंगलुरु में श्री श्री रवि शंकर से की मुलाकात, Kejriwal और Sisodia भी रहे मौजूद

बेंगलुरु में श्री श्री रवि शंकर से मिले CM भगवंत मान, केजरीवाल और सिसोदिया भी रहे साथ

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर से मुलाकात की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान समाज कल्याण, शिक्षा, मानसिक शांति और आपसी भाईचारे जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए पंजाब और देश की तरक्की, शांति और खुशहाली की कामना की।

पंजाब से भी रहा है श्री श्री रवि शंकर का जुड़ाव

श्री श्री रवि शंकर का पंजाब के साथ लंबे समय से जुड़ाव रहा है। नवंबर 2025 में वे पंजाब सरकार के निमंत्रण पर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी शताब्दी समारोह के तहत आयोजित सर्व धर्म सम्मेलन में शामिल हुए थे।

उस दौरान उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित संत सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इसके अलावा लुधियाना, बठिंडा और जालंधर में आयोजित सत्संग एवं ध्यान कार्यक्रमों में भी उन्होंने भाग लिया।

इन कार्यक्रमों के दौरान युवाओं को नशे से दूर रखने, किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करने और समाज में भाईचारे तथा मानसिक शांति को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर जोर दिया गया था।

पंजाब के कई शहरों में आर्ट ऑफ लिविंग के केंद्र

आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े केंद्र पंजाब के कई प्रमुख शहरों में सक्रिय हैं। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पटियाला समेत 45 से ज्यादा शहरों में संगठन की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी दी गई है।

मोहाली में संगठन का एक बड़ा परिसर भी है, जहां ध्यान केंद्र और आयुर्वेदिक अस्पताल सहित विभिन्न सुविधाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान की श्री श्री रवि शंकर से यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब पंजाब में शिक्षा, सामाजिक कल्याण, युवाओं और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे लगातार चर्चा में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *