चमकौर साहिब में AAP के नए हलका इंचार्ज जसबीर गढ़ी ने संभाली जिम्मेदारी, कांग्रेस पर साधा निशाना
रोपड़ | रविवार
आम आदमी पार्टी (AAP) ने चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक जिम्मेदारी जसबीर सिंह गढ़ी को सौंपी है। रविवार को उन्होंने औपचारिक रूप से हलका इंचार्ज का पदभार संभाला। जिम्मेदारी मिलने के बाद गढ़ी ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री कत्लगढ़ साहिब पहुंचे और माथा टेककर अरदास की।
इस मौके पर AAP के एससी विंग के प्रदेश अध्यक्ष गोपी सिंह सहित पार्टी के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के बाद गढ़ी का काफिला मोरिंडा पहुंचा, जहां उन्होंने गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब में भी माथा टेका।
कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में जसबीर सिंह गढ़ी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन के दौरान पंजाब और सिख समुदाय को नुकसान उठाना पड़ा है। गढ़ी ने कहा कि चमकौर साहिब की ऐतिहासिक धरती अन्याय के खिलाफ संघर्ष और शहादत की गवाह रही है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक व्यक्ति को चुनौती देना नहीं, बल्कि गुरु साहिब का आशीर्वाद लेकर क्षेत्र के लोगों की सेवा करना है।
15 दिनों में शुरू करेंगे जनसंपर्क अभियान
गढ़ी ने कहा कि वह जल्द ही पार्टी की स्थानीय टीम के साथ लोगों के बीच जाएंगे। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और क्षेत्र के निवासियों के साथ बैठकें की जाएंगी। इन बैठकों के जरिए स्थानीय समस्याओं की जानकारी जुटाकर उनके समाधान और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में काम किया जाएगा।
विधायक डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी की कार्यक्रम में गैर-मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर गढ़ी ने कहा कि वह जल्द ही पूरी टीम के साथ क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम करेंगे।
उन्होंने अपने सामाजिक और आर्थिक संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि वह आम परिवार से आते हैं और सामान्य लोगों की समस्याओं को समझते हैं। उनका दावा है कि जनता से सीधे जुड़कर क्षेत्र की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
चमकौर साहिब में AAP की सक्रियता बढ़ी
जसबीर सिंह गढ़ी को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है, जब पंजाब में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। उनकी नियुक्ति के बाद AAP ने चमकौर साहिब क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

