फिरोजपुर में AAP से जुड़े नेता की गोली मारकर हत्या, दोस्त घायल; चुनावी रंजिश में हमले का शक

फिरोजपुर में AAP से जुड़े नेता की गोली मारकर हत्या, दोस्त घायल; चुनावी रंजिश में वारदात का शक

फिरोजपुर | पंजाब

फिरोजपुर के ममदोट में शनिवार रात आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता गुरप्रीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर जा रहे गुरप्रीत सिंह पर कार सवार हमलावरों ने कथित तौर पर पीछा करने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में उनके साथ मौजूद दोस्त हरप्रीत सिंह भी घायल हो गए।

घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत सिंह की उम्र करीब 45 वर्ष थी, जबकि घायल हरप्रीत सिंह 22 वर्ष के हैं। गुरप्रीत सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बाइक पर जा रहे थे, कार सवारों ने की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कार में सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया और फायरिंग शुरू कर दी। गुरप्रीत सिंह के कुछ परिचित भी दूसरी कार से उनके पीछे चल रहे थे।

हमलावरों ने इस कार को भी निशाना बनाया। उस समय नगर पंचायत के प्रधान राजेश कुमार मैनी भी कार में मौजूद थे। हालांकि वह इस हमले में बाल-बाल बच गए।

दोस्त को लगी तीन गोलियां

फायरिंग में हरप्रीत सिंह को तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में लुधियाना रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

गुरप्रीत के पास पार्टी का कोई पद नहीं था

पुलिस के अनुसार गुरप्रीत सिंह के पास आम आदमी पार्टी का कोई आधिकारिक पद नहीं था। हालांकि वह नगर पंचायत चुनाव के दौरान पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहे थे। उनकी भाभी वार्ड नंबर-5 से पार्षद हैं।

गुरप्रीत सिंह के परिवार में दो बच्चे हैं। उनकी पत्नी का करीब डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था।

चुनावी रंजिश को लेकर जांच

फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले की वास्तविक वजह सामने आएगी।

पुलिस के मुताबिक हमले में शामिल संदिग्धों की पहचान कर ली गई है, लेकिन फिलहाल उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड होने की बात भी पुलिस ने कही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अब वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और हमले के पीछे की पूरी साजिश की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *