Punjab Politics: अक्टूबर में पंजाब आ सकते हैं PM मोदी, 3 दिवसीय दौरे की तैयारी; BJP बड़े ऐलानों की बना रही रणनीति
चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में करीब छह महीने का समय बचा होने के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पंजाब में अपनी गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अक्टूबर में पंजाब दौरे की योजना पर काम चलने की खबर है।
हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है। पार्टी स्तर पर उनके संभावित कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला पर नजर
सूत्रों के मुताबिक, BJP प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला के आसपास रखने पर विचार कर रही है। प्रस्तावित दौरा करीब तीन दिन का हो सकता है।
संभावित कार्यक्रम के अनुसार, दौरे के पहले दिन माझा क्षेत्र के कई विधानसभा हलकों में रोड शो आयोजित किए जा सकते हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री के राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुख्य परिसर में रात्रि विश्राम करने की संभावना भी बताई जा रही है।
हालांकि, अभी कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और अंतिम फैसला PMO तथा पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से लिया जाना बाकी है।
बठिंडा या पटियाला में रैली की तैयारी
BJP नेता प्रधानमंत्री की संभावित यात्रा के दौरान बठिंडा या पटियाला में बड़ी रैली आयोजित करने के विकल्प पर भी विचार कर रहे हैं। एक संभावित योजना में बठिंडा से रोड शो करते हुए पटियाला पहुंचने का कार्यक्रम शामिल हो सकता है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर केंद्रीय स्तर पर कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
संभावित ऐलानों पर भी हो रहा होमवर्क
प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे को चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार के अधिकारियों की एक टीम इस बात पर भी काम कर रही है कि दौरे के दौरान पंजाब के लिए किन योजनाओं, परियोजनाओं या घोषणाओं को सामने रखा जा सकता है।
पार्टी की कोशिश ऐसे मुद्दों और वादों को जनता के सामने रखने की बताई जा रही है, जिन्हें व्यावहारिक रूप से लागू किया जा सके।
कानून-व्यवस्था और ड्रग्स के मुद्दे पर BJP का मार्च
पंजाब में कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे को लेकर भी BJP ने अपना अभियान तेज करने की तैयारी की है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 18 सितंबर को पठानकोट से मार्च शुरू किया जा सकता है। पहले दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इसके नेतृत्व कर सकते हैं।
इसके बाद 19, 20 और 21 सितंबर को अन्य शहरों से भी मार्च निकालने की योजना बताई गई है। इनमें तलवंडी साबो, केसगढ़ साहिब और फाजिल्का शामिल हो सकते हैं।
इन कार्यक्रमों में कुछ केंद्रीय मंत्रियों को भी जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।
जालंधर में अमित शाह की बड़ी रैली की तैयारी
प्रस्तावित मार्च का समापन जालंधर में होने की बात कही जा रही है। इसी दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बड़ी रैली आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा हो रही है।
मार्च और रैली की अंतिम तारीख मंगलवार को दिल्ली में होने वाली BJP की बैठक में तय किए जाने की संभावना है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु के शामिल होने की बात कही गई है। अमित शाह के भी बैठक में शामिल होने की संभावना जताई गई है।
फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे और संबंधित कार्यक्रमों की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है। अंतिम कार्यक्रम पार्टी और PMO की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।

