Punjab Politics: प्रकाश बादल के चचेरे भाई भूपिंदर सिंह ने अकाली दल छोड़ा, BJP में शामिल; नायब सैनी ने दिलाई सदस्यता

Punjab Politics: प्रकाश बादल के चचेरे भाई भूपिंदर सिंह ने अकाली दल छोड़ा, BJP में शामिल; नायब सैनी ने दिलाई सदस्यता

पंजाब की राजनीति में गठबंधन की चर्चाओं के बीच शिरोमणि अकाली दल को झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के चचेरे भाई और उनके पूर्व राजनीतिक सचिव रहे पूर्व मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों ने अकाली दल छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है।

चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान भूपिंदर सिंह के बेटे अमरवीर सिंह बावा भी भाजपा में शामिल हुए।

कार्यक्रम में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।

प्रकाश सिंह बादल के राजनीतिक सचिव रह चुके हैं

भूपिंदर सिंह ढिल्लों का अकाली दल और बादल परिवार के साथ लंबे समय से राजनीतिक जुड़ाव रहा है। वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के राजनीतिक सचिव रह चुके हैं।

उन्होंने अकाली-भाजपा सरकार के दौरान राजनीतिक सचिव की जिम्मेदारी संभाली थी और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा भी प्राप्त था।

भूपिंदर सिंह मूल रूप से गांव बादल के रहने वाले हैं। वह पूर्व सांसद गुरराज सिंह ढिल्लों के बेटे हैं।

सेना में मेजर रह चुके हैं भूपिंदर सिंह

राजनीति में आने से पहले भूपिंदर सिंह भारतीय सेना में अधिकारी थे। उन्होंने NDA और IMA से सैन्य प्रशिक्षण लिया था और वर्ष 1969 में सेना में कमीशन प्राप्त किया।

सेना से सेवानिवृत्ति के बाद वह सक्रिय राजनीति में आए और बादल परिवार के करीबी नेताओं में शामिल रहे।

बेटे अमरवीर सिंह ने भी BJP जॉइन की

भूपिंदर सिंह के साथ उनके बेटे अमरवीर सिंह बावा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। दोनों का पार्टी में शामिल होना ऐसे समय हुआ है जब पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटे हैं।

अकाली दल और भाजपा के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे समय में बादल परिवार से जुड़े वरिष्ठ नेता का भाजपा में जाना अकाली दल के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

नायब सैनी ने AAP और कांग्रेस पर साधा निशाना

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा अपने साथ जुड़ने वाले सभी लोगों को सम्मान देगी।

उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, रोजगार और नशे के मुद्दे उठाए। सैनी ने दावा किया कि पंजाब में मौजूदा सरकार से युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है।

उन्होंने AAP पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप भी लगाया।

‘कांग्रेस और AAP अंदर से मिले हुए हैं’

नायब सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर राजनीतिक रूप से एक-दूसरे के साथ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों दल सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे के खिलाफ बयान देते हैं, लेकिन राजनीतिक स्तर पर एक गठबंधन का हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने पंजाब सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए नशे और रोजगार के मुद्दे पर भी हमला बोला।

भगवंत मान से पगड़ी वाले बयान पर माफी की मांग

हरियाणा के मुख्यमंत्री से पंजाब CM भगवंत मान द्वारा उनकी पगड़ी को लेकर की गई टिप्पणी पर भी सवाल पूछा गया।

इस पर नायब सैनी ने कहा कि पगड़ी गुरुओं के सम्मान से जुड़ी है और इस तरह की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने भगवंत मान से धार्मिक स्थल पर जाकर माफी मांगने की मांग की।

‘BJP का गठबंधन जनता से’

अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर नायब सैनी ने कहा कि भाजपा का गठबंधन जनता के साथ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब में विकास और मजबूत सरकार के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। सैनी ने किसान, युवा और गरीब वर्ग के हितों को लेकर भी सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र किया।

जून में भूपिंदर सिंह से मिलने पहुंचे थे नायब सैनी

भूपिंदर सिंह के भाजपा में शामिल होने से कुछ महीने पहले, जून 2026 में नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर उनका हालचाल जानने पहुंचे थे। उस समय भूपिंदर सिंह की रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था।

उस दौरान भूपिंदर सिंह ने मीडिया से कहा था कि मनप्रीत सिंह बादल उनसे कई बार मिलने आए, जबकि बादल परिवार के अन्य नेताओं के उनसे मिलने को लेकर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। बाद में सुखबीर सिंह बादल के उनके घर जाने की भी जानकारी सामने आई थी।

अब भूपिंदर सिंह के भाजपा में शामिल होने से पंजाब की सियासत में इस घटनाक्रम को खास महत्व दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *