Asian Champions Trophy 2026: 27 अक्टूबर से जालंधर में हॉकी का महासंग्राम, भारत-पाक समेत 6 टीमें लेंगी हिस्सा; मोहाली में फाइनल

Asian Champions Trophy 2026: 27 अक्टूबर से जालंधर में हॉकी का महासंग्राम, भारत-पाक समेत 6 टीमें लेंगी हिस्सा; मोहाली में फाइनल

पंजाब में हॉकी प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। Asian Champions Trophy Punjab 2026 का आयोजन इस बार पंजाब में होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर से होगी, जबकि खिताबी मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने टूर्नामेंट के कार्यक्रम और लोगो का अनावरण करते हुए इसकी घोषणा की। प्रतियोगिता में एशिया की छह प्रमुख हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों के लिए एंट्री फ्री रखी गई है।

भारत-पाकिस्तान समेत 6 टीमें मैदान में

Asian Champions Trophy में इस बार भारत, पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, चीन और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। इसके अलावा ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमों के तौर पर रखा गया है।

भारत और पाकिस्तान की मौजूदगी के कारण टूर्नामेंट के मुकाबलों को लेकर हॉकी प्रशंसकों में खास उत्साह रहने की उम्मीद है।

जालंधर में आगाज, मोहाली में होगा फाइनल

टूर्नामेंट का पहला चरण जालंधर में आयोजित किया जाएगा, जबकि 5 नवंबर को मोहाली में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। पंजाब सरकार ने आयोजन के लिए करीब 25.40 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।

सरकार की ओर से खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने की बात कही गई है। सभी मैचों में दर्शकों को बिना टिकट प्रवेश देने की योजना है।

विदेशी खिलाड़ियों को दिखेगी पंजाब की खेल संस्कृति

पंजाब सरकार टूर्नामेंट को सिर्फ हॉकी प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखना चाहती। प्रतियोगिता में आने वाले विदेशी खिलाड़ियों को पंजाब की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री और हॉकी से जुड़ी सुविधाओं से परिचित कराने की योजना है।

खिलाड़ियों को हॉकी मैदानों के अलावा राज्य की खेल इंडस्ट्री का दौरा कराया जाएगा। साथ ही उन्हें पंजाब के पारंपरिक खान-पान और संस्कृति से भी रूबरू करवाया जाएगा।

सरसों का साग-मक्की की रोटी से होगा स्वागत

पंजाब आने वाले खिलाड़ियों को राज्य के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी चखाने की तैयारी है। योजना के तहत उन्हें सरसों का साग और मक्की की रोटी जैसे पंजाबी व्यंजन परोसे जाएंगे।

इसके अलावा खिलाड़ियों को अमृतसर, बाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग जैसे प्रमुख स्थलों का दौरा कराने की भी योजना है। उद्देश्य खिलाड़ियों को पंजाब की संस्कृति, इतिहास और विरासत का अनुभव कराना है।

हर मैच में सांस्कृतिक कार्यक्रम

टूर्नामेंट के दौरान बच्चों को भी हॉकी से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हर मैच के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।

इसके अलावा पंजाब के पुराने और दिग्गज हॉकी खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इससे नई पीढ़ी को पंजाब की हॉकी विरासत से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

हॉकी इंडिया लीग में पंजाब की पुरुष-महिला टीमें

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब सरकार हॉकी को और मजबूत करने के लिए जूनियर और सीनियर हॉकी लीग आयोजित करने की दिशा में काम कर रही है।

वहीं, Hockey India League में पंजाब की पुरुष और महिला दोनों वर्गों की टीमें शामिल करने की योजना भी सामने आई है। इससे राज्य के खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर खेलने के अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है।

पंजाब में Asian Champions Trophy का आयोजन राज्य की हॉकी परंपरा और खेल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का भी अवसर माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *